हॉलीवुड सिंगर माइली साइरस के विमान की खराब मौसम के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, माइली एक फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए पराग्वे जा रही थीं, लेकिन बीच में ही उनका विमान आसमानी बिजली की चपेट में आया और उनकी फेस्टिवल में हिस्सा लेने की योजना को रद्द कर दिया गया। इसकी जानकारी माइली ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है।
Miley Cyrus: खराब मौसम की वजह से माइली सायरस के विमान की हुई इमरजेंसी लैंडिंग, हॉलीवुड सिंगर ने शेयर किया वीडियो
माइली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विमान का एक वीडियो शेयर कर सभी को स्थिति के बारे में सूचित किया। माइली ने लिखा कि मेरे प्रशंसकों और सभी के लिए जो मेरी उड़ान के बारे में सुनकर चिंतित थे। हमारा विमान एक बड़े अप्रत्याशित तूफान में फंस गया और आसमानी बिजली की चपेट में आ गया। इसी के चलते विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
माइली ने आगे लिखा कि मेरे साथ जो भी लोग यात्रा कर रहे थे, मेरा क्रू, बैंड, दोस्त और परिवार सभी सुरक्षित है। इसके साथ ही माइली ने टूटे हुए दिल की इमोजी के साथ लिखा कि दुर्भाग्य से, हम पराग्वे आने में असमर्थ हैं। आई लव यू।
जिस Asunciónico फेस्टिवल में माइली सायरस हिस्सा लेने जा रही थी, उसकी वेबसाइट के अनुसार यह फेस्टिवल पराग्वे के सबस बड़े रॉक फेस्टिवल में से एक है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार माइली सायरस के शो में बहुत से लोगों के आने की उम्मीद थी, लेकिन अब शो को ही रद्द करना पड़ गया है।
पराग्वे में मौसम की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि फेस्टिवल का पहले दिन रद्द कर दिया गया। इसका मतलब यह है कि फू फाइटर्स, मशीन गन केली और डोजा कैट जैसे अन्य कलाकार भी इस फेस्टिवल में अपना शो नहीं कर पाएंगे।