मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स का ‘ब्लैक विडो’ के किरदार के रूप में लंबे समय से हिस्सा रहीं अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन ने एमसीयू की अपनी इसी नाम की पहली सोलो फिल्म की रिलीज को लेकर हॉलीवुड की दिग्गज फिल्म निर्माण व वितरण कंपनी डिज्नी को अदालत में घसीट लिया है। जोहानसन की तरफ से लॉस एंजिलिस की अदालत में दायर मुकदमे में कहा गया है कि डिज्नी ने फिल्म को सिर्फ सिनेमाघरों में ही रिलीज न करके उनके साथ किए गए करार का उल्लंघन किया है। जोहानसन के मुताबिक फिल्म में काम करने की उनकी फीस का एक अहम हिस्सा फिल्म के सिनेमाघरों में एक तयशुदा कमाई करने के बाद होने वाली आमदनी से भी आना था लेकिन डिज्नी ने फिल्म को सिनेमाघरों के साथ ही ओटीटी पर भी रिलीज करके इस संभावना को नुकसान पहुंचाया है। डिज्नी ने इस मुकदमे को दुखद बताया है।
2 of 6
ब्लैक विडो
- फोटो : मार्वेल स्टूडियोज
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन का किरदार ‘ब्लैक विडो’ इसकी पिछली फिल्म ‘एवेंजर्स एंडगेम’ में खत्म हो जाता है। लेकिन, मार्वेल कॉमिक्स पर फिल्में बनाने वाले निर्माता केविन फाइजी ने ‘ब्लैक विडो’ किरदार पर अलग से एक फिल्म बनाने का एलान करके मार्वेल के प्रशंसकों को खुश कर दिया था। ये फिल्म पिछले साल की शुरुआत में ही बनकर तैयार हो गई थी और लॉस एंजिलिस में इसकी रिलीज की सारी तैयारियां भी पूरी हो गईं थी। फिल्म का भव्य विश्व प्रीमियर चीन में करने की भी डिज्नी की योजना थी।
3 of 6
ब्लैक विडो
- फोटो : मार्वेल स्टूडियोज
लेकिन, इसके बाद कोरोना का प्रकोप फैलते ही तमाम दूसरी फिल्मों की तरह इसकी रिलीज भी लगातार टलती रही। तमाम तारीखों पर टलते टलते आखिर फिल्म ‘ब्लैक विडो’ इस महीने की 9 तारीख को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसके साथ ही फिल्म को डिज्नी प्लस ओटीटी पर 30 डॉलर की प्रीमियम फीस के साथ रिलीज किया गया। फिल्म ‘ब्लैक विडो’ ने पिछले साल मार्च के बाद से लेकर अब तक सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्मों में पहले वीकएंड पर सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड बनाया है। सिर्फ 4160 स्क्रीन्स पर रिलीज हो सकी फिल्म ‘ब्लैक विडो’ ने पहले वीकएंड पर 80.4 मिलिनय डॉलर की कमाई की। इसके पहले 25 जून को रिलीज हुई ‘फास्ट एंड फ्यूरियस 9’ को 4179 स्क्रीन्स मिले थे लेकिन उसकी पहले वीकएंड की कमाई 70 मिलियन डॉलर ही रही थी।
4 of 6
ब्लैक विडो
- फोटो : मार्वेल स्टूडियोज
स्कारलेट जोहानसन को लगता है कि फिल्म को अगर पूरी दुनिया में सिर्फ सिनेमाघरों में ही रिलीज किया जाता तो इसकी कमाई की रकम बहुत ज्यादा हो सकती थी। इस बारे में दायर मुकदमे में कहा गया है, ‘डिज्नी ने जानबूझकर मार्वेल के साथ हुए करार का उल्लंघन किया और बिना किसी तार्किक आधार के ऐसा करने से इसने जोहानसन को फिल्म को लेकर मार्वेल के साथ हुए सौदे का पूरा फायदा उठाने से वंचित कर दिया।’ डिज्नी ने इसी मार्च में फिल्म ‘ब्लैक विडो’ को सिनेमाघरों और ओटीटी पर एक साथ रिलीज करने का एलान किया था। कोरोना संक्रमण काल के बाद कम क्षमता के साथ खुल रहे सिनेमाघरों में इसे रिलीज किया गया और इसने रिलीज वाले सप्ताहांत में बॉक्स ऑफिस कमाई का कोरोना काल का नया रिकॉर्ड भी बनाया।
5 of 6
ब्लैक विडो
- फोटो : मार्वेल स्टूडियोज
जोहानसन की तरफ दायर मुकदमे में फिल्म को ओटीटी पर रिलीज करने से डिज्नी को हुए फायदे का खास तौर से जिक्र किया गया है। स्टॉक मार्केट में इसके शेयरों के दाम बढ़ने के जिक्र के साथ मुकदमे में कहा गया कि ऐसा करने से डिज्नी के लाखों प्रशंसक सिनेमाघरों से हटकर ओटीटी पर ये फिल्म देखने आ गए। गौरतलब है कि ऐसे ही फैसले के तहत जब वार्नर ब्रदर्स स्टूडियो ने अपनी फिल्मों को सीधे एचबीओ मैक्स पर रिलीज करने का फैसला किया तो उसे अपनी फिल्मों के तमाम कलाकारों को अलग से भारी रकम चुकानी पड़ी थी। अगर जोहानसन की तरफ से दायर मुकदमे में भी ऐसा ही कुछ फैसला हुआ तो फिल्म निर्माण कंपनियों को इस बाबत नए सिरे से सोचना पड़ सकता है।