बॉक्स ऑफिस के बादशाह कहलाने वाले शाहरुख खान की अगली फिल्म 'जीरो' का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। फिल्म की एडवांस बुकिंग खुलने में अभी कुछ दिन बाकी हैं लेकिन रेड चिलीज एंटरटेनमेंट में फिल्म के प्रमोशन को लेकर प्रेशर बनना शुरू हो चुका है। साथ ही शुरू हो चुका है कैलकुलेटर्स पर आंकड़ों का जोड़ घटाना कि आखिर फिल्म पहले हफ्ते में कितना बिजनेस कर पाएगी।
मेरठ के बउआ सिंह की कहानी 'जीरो' के टीजर और ट्रेलर को सोशल मीडिया और यू ट्यूब पर जबरदस्त रिस्पांस मिला है। फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' के टीजर और ट्रेलर से यहां फर्क यह है कि लोगों ने इसकी 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के ट्रेलर और टीजर की तरह खिल्लियां नहीं उड़ाई हैं। 'जीरो' की गिनतियों की कहानी कम से हम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बिजनेस में उतनी हिट नहीं हो पा रही है।
ट्रेड पंडितों ने जो आंकड़े जुटाने शुरू किए हैं, उसके मुताबिक फिल्म की ओपनिंग 25 से 30 करोड़ रुपये के करीब होनी चाहिए और इसका फर्स्ट वीकेंड आंकड़ा आसानी से 65 करोड़ रुपये का कारोबार पार कर लेगा। फिल्म के एग्जीबिटर्स जहां इसका कारोबार पहले हफ्ते में 125 करोड़ का आंक रहे हैं, वहीं डिस्ट्रीब्यूटर्स को लगता है फिल्म पहले हफ्ते में आसानी से 140 करोड़ का कारोबार कर लेगी। सट्टा बाजार में भी 'जीरो' की पहले हफ्ते की कमाई 135 करोड़ रुपये के आसपास मानी जा रही है।
पहले हफ्ते के बाद फिल्म 'जीरो' कितना कमाएगी, इसे लेकर जो संकेत मिल रहे हैं वो उत्साहजनक नहीं हैं। फिल्म के लिए बुक किए जा रहे थिएटर्स और स्क्रीन्स की संख्या का जिनको पता है, वे भी फिल्म 'जीरो' का लाइफ टाइम बिजनेस 225 करोड़ ही मान रहे हैं। फिल्म 'जीरो' करीब 200 करोड़ रुपये में बनी है। इसकी वजह इसकी मेकिंग में लगा लंबा टाइम और इसके स्पेशल इफेक्ट्स पर पानी की तरह बहाई गई रकम। 200 करोड़ में बनी यह फिल्म अगर लाइफ टाइम 400 करोड़ से कम का कारोबार करती है तो सुपर हिट का तमगा नहीं पा पाएगी।
शाहरुख खान, अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ की इस फिल्म के साथ ही इसके निर्देशक आनंद एल राय का भी करियर दांव पर लगा है। डायरेक्टर रोहित शेट्टी को छोड़ दें तो शाहरुख खान के साथ 'रा-वन' करने वाले अनुभव सिन्हा, 'रईस' बनाने वाले राहुल ढोलकिया और 'जब हैरी मेट सेजल' बनाने वाले इम्तियाज अली को इन तीनों फिल्मों के उम्मीद से कम कारोबार करने का खामियाजा उठाना पड़ा है। तीनों का करियर शाहरुख की इन फिल्मों को लगे झटकों के बाद से उबर नहीं पाया है।