संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' का ट्रेलर आने के बाद से सभी रणबीर कपूर के लुक और एक्टिंग की जमकर सराहना कर रहे हैं। फिल्म में संजय दत्त की निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए गए हैं जिनसे पहली बार दर्शक रूबरू होंगे।
ट्रेलर के एक सीन में दिखाया गया है कि संजय दत्त का नाम 1993 मुंबई बम ब्लास्ट में आता है और पुलिस उनसे पूछताछ करती है लेकिन क्या आप जानते हैं जब असल जिंदगी में संजय दत्त का नाम सामने आया तो उनका रिएक्शन क्या था। इस बारे में जब उनके पिता सुनील दत्त को पता चला था तो वो भी हैरान रह गए थे। यासिर उस्मान की किताब 'द क्रेजी अनटोल्ड स्टोरी ऑफ बॉलीवुड्स बैड ब्वॉय संजय दत्त' से ऐसा ही एक किस्सा आपको बता रहे हैं।
बॉलीवुड में संजय दत्त की इमेज बैड ब्वॉय की रही है। बाद में मुंबई बम ब्लास्ट केस में नाम आने के बाद बची खुची कसर भी पूरी हो गई। दरअसल, मुंबई ब्लास्ट के बाद पुलिस साजिश रचने वालों की खोज में लग गई। तभी पुलिस को पता चला कि इसमें बॉलीवुड से भी कुछ लोग शामिल हैं। शक के आधार पर पुलिस ने प्रोड्यूसर हनीफ कड़ावाला और समीर हिंगोरा को पूछताछ के लिए माहिम पुलिस स्टेशन बुलाया। उस वक्त संजय दत्त इस जोड़ी की प्रोड्यूस की हुई फिल्म 'सनम' में काम कर रहे थे।
हनीफ शुरुआत में कोई भी जवाब देने से बचता रहा लेकिन पुलिस के सामने उसकी ज्यादा नहीं चली और उसने कहा, 'पुलिस हमेशा हम जैसी छोटी मछलियों को परेशान करती है जबकि बड़े लोग तो यूं ही घूमते रहते हैं।' ये बड़ा आदमी कोई और नहीं बल्कि संजय दत्त थे।
मुंबई ब्लास्ट के बाद पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें संदिग्धों के नाम का खुलासा होने वाला था। पुलिस ने जैसे ही हनीफ और समीर का नाम लिया एक रिपोर्टर ने पूछा क्या इसमें संजय दत्त भी शामिल हैं। दरअसल, ये सवाल महज तुक्का था क्योंकि उस वक्त संजय दत्त हनीफ-समीर की प्रोड्यूस की हुई फिल्म कर रहे थे हालांकि सवाल के जवाब में पुलिस का रवैया टाल मटोल वाला ही रहा लेकिन मीडिया को बहुत बड़ी खबर लग गई थी।