'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम एक्टर और बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट रोहन मेहरा को एयरपोर्ट पर बुरे अनुभव से गुजरना पड़ा। जिसके बाद उन्होंने एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया और बताया कि किस तरह उनके साथ बदसलूकी की गई।
दरअसल, रोहन मेहरा अपनी गर्लफ्रेंड कांची सिंह के साथ साउथ कोरिया टूरिज्म के प्रमोशन के लिए गए थे। जब वो भारत लौटे तो उन्हें दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट पकड़नी थी लेकिन एयरलाइन के कर्मचारी ने उनके एक साथी के साथ बदसलूकी की। जिसके बाद रोहन उस कर्मचारी पर भड़क उठे।
रोहन के मुताबिक, उन्होंने दिल्ली से मुंबई की टिकट पहले ही बुक करा ली थी लेकिन जब वो दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां उन्हें कहा गया कि फ्लाइट की बुकिंग ज्यादा हो गई है इसलिए वो उन्हें 3 टिकट ही दे सकते हैं। इसके बाद एयरलाइन कर्मचारियों के साथ रोहन की टीम की बहस होने लगी।
रोहन के साथ वहां स्थित एक महिला अपने फोन में इस घटना को कैद करने लगीं। तब उस कर्मचारी ने उनके हाथ से जबरदस्ती फोन छीन लिया। रोहन ने ट्विटर पर लिखा- 'सुबह 3 बज रहे थे। हम अपने समय पर थे। एयर इंडिया का मैनेजमेंट और स्टाफ भयानक है। हमारी चेक-इन जानबूझकर देर से की गई। वो ओवरबुक कैसे कर सकते हैं, जब हमने टिकटें पहले से ही बुक कर रखी थी।'
वेबसाइट स्पॉटब्वॉय के साथ बात करते हुए रोहन मेहरा ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। किसी महिला के साथ ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है।