फिल्म 'पद्मावत' के लिए भले ही अक्षय ने 'पैडमैन' की तारीख आगे बढ़ा दी हो लेकिन लोगों में इस फिल्म को लेकर उत्साह बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है। इस फिल्म में पीरियड्स के दौरान महिलाओं को होने वाली परेशानी और सेनेटरी पैड के बारे में बताया गया है। लेकिन क्या आपको पता है सेनेटरी पैड बनाने के लिए अक्षय कुमार ने क्या क्या किया है अगर नहीं तो हाल ही में 'साले सपने' गाने का मेकिंग वीडियो आपकी मदद कर सकता है।
'साले सपने' का मेकिंग वीडियो 2 मिनट 48 सेकेंड का है। जिसमें अक्षय यह बता रहे हैं कि कैसे असल जिंदगी के पैडमैन अरुणाचलम मुरुगनाथनम ने इस गाने में पैड बनाने में उनकी मदद की।
इस वीडियो में अरुणाचलम अक्षय को सेनेटरी पैड बनाने की ट्रेनिंग देते हुए दिखाई दे रहे हैं जिसमें उनके साथ सोनम कपूर दिखाई दे रही हैं। यह फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने वाली थी लेकिन अक्षय ने 'पद्मावत' के लिए इसकी तारीख 9 फरवरी कर ली।
हालांकि जब अक्षय से फिल्म के कलेक्शन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा - 'मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह है कि कुछ दिन पहले 3 से 4 युवा मेरी वैनिटी वैन के बाहर आए पीरिड्स के बारे में बातचीत की।'
इसके साथ ही अक्षय ने कहा - 'मुझे लगता है इससे ज्यादा बड़ी उपलब्धि नहीं हो सकती। जब भी सुबह उठता हूं तो देखता हूं कि लोग सोशल मीडिया पर इस बारे में बात करने लगे हैं और यही मेरा सबसे बड़ा अचीवमेंट हैं।' इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा राधिका आप्टे और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में हैं। इसे आर बाल्की ने डायरेक्ट किया है।