फिल्म 'कहानी' और 'अलादीन' के डायरेक्टर सुजॉय घोष इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'बदला' की तैयारियों में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग जून के मध्य से शुरू हो जाएगी। इसमें अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू एक बार फिर से साथ दिखेंगे। सुजॉय का जन्म आज ही दिन यानि 21 मई 1966 को कोलकाता में हुआ था।
सुजॉय घोष ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोलकाता के सेंट जेम्स स्कूल से की। 13 साल की उम्र में वो लंदन चले गए जहां उन्होंने क्वीन एलिजाबेथ कॉलेज से आगे की पढ़ाई की। सुजॉय ने मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। निजी जिंदगी की बात करें तो सुजॉय की पत्नी का नाम वैशाली हैं। उनके दो बच्चे हैं, दिया और अग्नि।
सुजॉय घोष ने 2003 में फिल्म 'झंकार बीट्स' का निर्देशन किया। ये उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म थी।बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म सुपरहिट रही थी। जिसे दर्शकों के साथ क्रिटिक्स की भी काफी सराहना मिली थी। इसके बाद उन्होंने 'होम डिलीवरी' और 'अलादीन' बनाई जो कोई कमाल नहीं कर सकी। 2012 में सुजॉय ने विद्या बालन के साथ महिला प्रधान फिल्म 'कहानी' बनाई जिसने ना केवल सुजॉय बल्कि विद्या बालन के करियर को भी एक नई ऊंचाई दी।
पिछले साल नवंबर में सुजॉय घोष उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की जूरी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। वो फिल्म फेस्टिवल में दो फिल्मों को शामिल नहीं किए जाने से खुश नहीं थे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भारतीय फिल्मों के लिए फीचर और नॉन फीचर श्रेणी के लिए कुछ फिल्मों की लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में से जूरी द्वारा चुनी गई मलयालम फिल्म 'एस दुर्गा' और मराठी फिल्म 'न्यूड' शामिल नहीं थीं। जूरी के कुछ सदस्यों ने इस लिस्ट की आलोचना करते हुए कहा कि ये फिल्में उनकी सहमति के बिना लिस्ट में से हटाई गई है।
वहीं सुजॉय की फिल्म 'बदला' की बात करें तो ये फिल्म मर्डर मिस्ट्री होगी, जो तापसी और उनके बिजनेसमैन लवर के इर्द-गिर्द घूमेती रहेगी। इस फिल्म की शूटिंग लंदन और स्कॉटलैंड में की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस फिल्म का एक महीने का शिड्यूल होगा।