अगर बात ब्यूटी विद ब्रेन्स की करें तो बॉलीवुड की एक्ट्रेस में से एक अदिति गोवित्रिकर का नाम जरूर आता है। अदिति गोवित्रिकर कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं जिनमें उनकी एक्टिंग को भी काफी सराहा गया। 21 मई 1976 को महाराष्ट्र के पनवेल में अदिति का जन्म हुआ था। आज उनके जन्मदिन पर चलिए बताते हैं ऐसी ही कुछ बातें।
अदिति गोवित्रिकर तब सुर्खियों में आईं जब उन्होंने 1996 में ग्लैडरेग्स कॉन्टेस्ट जीता और ठीक एक साल बाद एशियन सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट जीता। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और कई म्यूजिक वीडियो और विज्ञापनों में काम किया।
अदिति गोवित्रिकर के मॉडलिंग करियर में जबरदस्त उछाल तब आया जब उन्होंने 2001 में मिसेज वर्ल्ड का खिताब जीता। मिसेज वर्ल्ड जीतने वाली वो भारत की ओर से पहली और अभी तक की एकमात्र कंटेस्टेंट हैं। इसके बाद तो फिर अदिति ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक वक्त ऐसा भी आया जब अदिति के पास ब्रांड्स और एंडोर्समेंट की बाढ़ सी आ गई।
मॉडलिंग की दुनिया से फिर अदिति गोवित्रिकर ने फिल्मों में कदम रखा। 2002 में उनकी बॉलीवुड में एंट्री हुई। फिल्म '16 दिसंबर' में उनके काम को काफी सराहा गया। इस फिल्म से पहले अदिति एक हिंदी और एक तेलुगू फिल्म में काम कर चुकी थीं लेकिन '16 दिसंबर' से उन्हें पहचान मिली। अदिति ने फिर आगे कई और फिल्मों में काम किया जिनमें 'बाज', 'पहेली', 'दे दना दन', 'भेजा फ्राई 2' और 'हम तुम और शबाना' जैसी फिल्में शामिल हैं लेकिन इन फिल्मों में अदिति को छोटी-मोटी भूमिकाएं ही मिलीं जिसकी वजह से उन्हें अपना एक्टिंग हुनर दिखाने का मौका नहीं मिला।
अदिति कभी एक्टिंग के फील्ड में नहीं आना चाहती थीं। उनका सपना तो डॉक्टर बनने का था। शायद इसीलिए एक सक्सेसफुल मॉडल और एक्ट्रेस होते हुए भी उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री हासिल की और एक डॉक्टर बन गईं। डॉक्टरी की पढ़ाई के दौरान ही अदिति की मुलाकात मेडिकल के सीनियर मुफजल लकड़ावाला से हुई। कुछ सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी कर ली। दोनों की शादी में काफी दिक्कतें आईं।