बॉलीवुड एक्टर राज बब्बर फिल्मों के साथ-साथ इन दिनों राजनीति में भी सक्रिय हैं। 23 जून 1952 को यूपी के टुंडला में जन्मे राज बब्बर ने एनएसडी से एक्टिंग कोर्स पूरा किया और फिर फिल्मों में आ गए। उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था और वो अक्सर स्टेज शोज में परफॉर्म करते रहते थे। राज बब्बर ने बॉलीवुड में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। इसके बावजूद एक बार ऐसा भी हुआ जब राज बब्बर शूट करते वक्त नर्वस हो गए थे।
फिल्म 'इंसाफ का तराजू' की शूटिंग के वक्त ऐसा हुआ था जब राज बब्बर काफी डर गए थे। दरअसल, राज बब्बर को फिल्मों में आए चंद साल ही हुए थे और उन्हें एक फिल्म में उस दौर की बड़ी अदाकारा जीनत अमान के साथ रेप सीन करना था। राज बब्बर इस बात को लेकर डरे हुए थे कि वो नए हैं और जीनत अमान इतनी बड़ी हीरोइन।
राज बब्बर को डर था कि करियर की शुरुआत में ही ऐसा सीन करने से उनकी छवि खराब हो जाएगी। निर्देशक बी आर चोपड़ा की इस फिल्म में जीनत अमान के साथ शूट करते वक्त राज बब्बर पसीना-पसीना हो गए थे। जीनत अमान को जब इस बात का अहसास हुआ कि राज बब्बर नर्वस हो रहे हैं तो उन्होंने कई दफा सीन का रिहर्सल किया।
खैर, रेप सीन का शूट शुरू हुआ और सीन के मुताबिक, राज बब्बर ने जीनत अमान के साथ खूब हाथापाई और मारपीट की लेकिन जीनत अमान ने उफ्फ तक नहीं की। जबकि राज बब्बर का कलेजा मुंह को आ गया था। इस रेप सीन की बदौलत राज बब्बर को खूब सुर्खियां मिलीं। इस फिल्म के बाद राज बब्बर रातोंरात स्टार बन गए थे और तो और उनके इस किरदार के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नॉमिनेशन भी मिला था।
बाद में राज बब्बर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि निगेटिव किरदार की वजह से 'इंसाफ का तराजू' में मेरा रोल करने को कोई तैयार नहीं था। ऐसे रोल से एक्टर की इमेज खराब होती है लेकिन जब चोपड़ा साहब ने कहा कि आपको करना है तो मेरी खुशी का ठिकाना न रहा। मैं थिएटर का आदमी हूं, थिएटर में हम लोग वह रोल करते थे जो सेंट्रल रोल होता है।