अनुपम खेर: हम कोई बेहतर तरीका ढूंढ सकते हैं? मुंबई एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग में परेशानी पर नाराज हुए एक्टर
- Anupam Kher: अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है।
- उन्होंने इसमें मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ खराब अनुभव साझा किया है।
- दरअसल, एक्टर जिस विमान में सवार थे, उसे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड करने से ठीक पहले सूरत डायवर्ट कर दिया गया।
विस्तार
अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी हालिया हवाई यात्रा का अनुभव शेयर किया है। वे मुंबई आ रहे थे। फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड होने वाली थी कि अचानक इसे सूरत डायवर्ट कर दिया गया। एयर ट्रैफिक और भीड़ के कारण लैंडिंग कैंसिल की गई। फ्यूल की कमी के कारण इसे सूरत एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इसके चलते सभी यात्रियों को देर हुई।
क्यों सूरत डायवर्ट हुई फ्लाइट?
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल किए हैं। एक्टर ने पूछा है कि क्या जमीन पर भीड़ को मैनेज करने के लिए कोई बेहतर तरीका ढूंढ सकते हैं?
अभिनेता अनुपम खेर एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे। फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट के रनवे को छूने ही वाली थी कि नीचे दूसरे विमानों की मौजूदगी और ट्रैफिक के कारण पायलट को लैंडिंग रोककर विमान को वापस ऊपर ले जाना पड़ा। हवा में कुछ देर चक्कर लगाने और इंतजार करने के बाद पायलट ने यात्रियों को सूचित किया कि विमान में इतना ईंधन नहीं बचा है कि वे और इंतजार कर सकें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को गुजरात के सूरत एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया।
यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
सूरत एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद विमान में दोबारा फ्यूल डाला गया। इसके चलते अनुपम खेर समेत सभी यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद फ्लाइट वापस मुंबई के लिए रवाना हो सकी। अपना यह खराब अनुभव शेयर करते हुए अभिनेता ने वीडियो पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट की भीड़भाड़ और प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं।
चौथी बार हुआ ऐसा अनुभव
एक्टर का कहना है कि मुंबई में लैंडिंग के दौरान उनके साथ ऐसा अनुभव चौथी बार ऐसा हुआ है। यह परेशान करने वाली बात है। उन्होंने पायलट और एयरलाइन को दोष दिए बिना सवाल उठाए हैं कि मुंबई में दो एयरपोर्ट होने के बावजूद एयर ट्रैफिक को मैनेज के लिए बेहतर इंतजाम क्यों नहीं किए जा सकते? एक्टर का कहना है कि वे एक नर्वस फ्लायर हैं। उन्हें पहले सिर्फ टेक-ऑफ से डर लगता था। मगर अब मुंबई में लैंडिंग से ठीक पहले भी घबराहट होने लगी है।
I’m used to flight delays! Both in India and abroad! And most passengers learn to take them in their stride. But this is the fourth time I’ve experienced something unsettling while landing in Mumbai: just as the aircraft seems about to touch down, it takes off again, circles, and tries once more. This time, we couldn’t land in Mumbai and had to divert to Surat. I don’t blame the pilots or the airline; I’m sure they were doing what they had to do for everyone’s safety. But it does make me wonder: with two airports serving Mumbai, can we find a better way to manage the congestion on the ground and avoid this kind of chaos? A small complaint, perhaps! But mostly an observation from a passenger who would really like to land in Mumbai when the plane is ready to land. 😍🙏 @AAI_Official
— Anupam Kher (@AnupamPKher) November 24, 2026
