अनाज मंडी स्थित एक इमारत में रविवार को लगी आग का एक गवाह सोमवार को सामने आया। लोकनायक अस्पताल की मोर्चरी के बाहर खड़ा यह गवाह है 25 वर्षीय हैदर। वह दिल्ली के ही बुराड़ी इलाके में रहता है। हैदर ने बताया कि रविवार सुबह साढे़ 3 बजे का वक्त था। उसके छोटे भाई 19 वर्षीय बबलू ने फोन पर आग लगने की जानकारी दी थी।
2 of 5
शव ले जाता एबुंलेंस
- फोटो : अमर उजाला
बबलू ने यह भी बताया कि पूरी इमारत में धुआं ही धुआं है और सांस भी नहीं ले पा रहे हैं। अपने भाई को बचाने के लिए हैदर तुरंत घटनास्थल की ओर लपक पड़ा। सुबह 4 बजे हैदर जब इमारत के पास पहुंचा तो दमकल के तीन वाहन वहां मौजूद थे। दो से तीन दमकल कर्मी अंदर जाने की तैयारी कर रहे थे। हैदर बिना कुछ सोचे, समझे भागता हुआ इमारत में घुस गया।
3 of 5
इसी इमारत में लगी थी आग
- फोटो : अमर उजाला
दूसरी मंजिल पर आग लगी थी और सीढ़ियों पर पानी का पाइप पड़ा था। उसने आग की लपटों पर पानी मारना शुरू कर दिया। आग की लपटें थोड़ी कम होते ही वह ऊपर की ओर दौड़ा। इसी बीच चार लोगों को उसने तीसरी मंजिल से सीढ़ियों तक पहुंचाया। पीछे से पहुंचे दमकल के जवानों ने चारों को बाहर निकाला। इसी बीच तीसरी मंजिल पर हैदर को अपना भाई बबलू बेहोशी की हालत में मिला। उसे देख हैदर को लगा कि बबलू मर चुका है और वह बेहोश हो गया।
4 of 5
अनाज मंडी अग्निकांड में पीड़ित अस्तपाल में भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
जब हैदर की आंखें खुली तो वह इमारत के बाहर था। दिल्ली अग्निशमन विभाग के एडीओ राजेश शुक्ला उसके सामने थे। शुक्ला ने ही हैदर को बाहर निकाला था। हैदर ने अपने भाई के बारे में पूछा तो उन्होंने अस्पताल जाकर पूछताछ करने की बात कह इमारत में अपनी टीम के साथ चल पड़े। इसी बीच हैदर भी लोकनायक अस्पताल पहुंचा लेकिन काफी देर बाद उसे पता चला कि लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में उसके भाई बबलू का शव रखा है।
5 of 5
अनाज मंडी अग्निकांड
- फोटो : अमर उजाला
हैदर का कहना है कि आग सुबह 4 बजे से पहले ही लग चुकी थी। सब सो रहे थे। जब तक दमकल जवान और फिर वो खुद वहां पहुंचा तब तक आग काफी बढ़ रही थी। चारो ओर धुआं था। वह बस अपने भाई को बचाना चाहता था, मगर कामयाब नहीं हो पाया।