आपको ये बात हैरान कर सकती है कि पूरी दुनिया में फेसबुक के सबसे ज्यादा एक्टिव यूजर्स भारत में हैं, लेकिन इसका दूसरा पहलू और भी चौंकाने वाला है।
असल में भारत में 24 करोड़ से ज्यादा लोग फेसबुक पर एक्टिव हैं और ट्वीटर को इस्तेमाल करने के मामले में भी हम भारतीय दुनिया के टॉप 10 देशों की सूची में 9वें स्थान पर हैं।
लेकिन हाल ही में कई बड़ी हस्तियों सहित बड़े शहरों में रहने वालों ने सोशल मीडिया से हटने या इससे दूर जाने का फैसला किया है। इतने लोकप्रिय माध्यम से अब लोग दूर क्यों जाने लगे हैं? एक अध्ययन में इसके कारणों का खुलासा हुआ है।
दिल्ली में रहने वाली मयूरी की उम्र 26 साल है और उन्होंने अब फेसबुक से दूरी बना ली है। इस बारे में बताते हुए वो कहती हैं कि 13 साल पहले वो ऑर्कुट के चलते पहली बार सोशल मीडिया के प्रभाव में आईं। वो बताती हैं कि यहां पर मेरी मुलाकात कुछ ऐसे दोस्तों से हुई जो छूट चुके थे।
ऑर्कुट के बाद जल्द ही वो hi5 और फिर Facebook के संपर्क में आईं और ये सब उनके रोज की जिंदगी का हिस्सा बन गए। शुरुआत में वो अपने दोस्तों के साथ खूबसारी बातें करतीं और कई बार कुछ पर्सनल चीजें भी शेयर करतीं लेकिन वक्त के साथ बातचीत का विषय बदलने लगा।