Vikas Dubey News: गिरफ्तारी के बाद विकास दुबे ने खोले थे एनकाउंटर वाली रात के कई राज, डिप्टी एसपी के पैर पर क्यों मारी थी गोली
पुलिसकर्मियों का शव जलाने के लिए विकास ने घर में रखे थे 50 गैलन तेल
विकास दुबे ने बताया कि सुबूत मिटाने के लिए पुलिसकर्मियों को जलाने की योजना थी। इसके लिए पांच पुलिसकर्मियों की लाश अपने घर के पास एक के ऊपर एक करके रख दी गई थी। आग लगाने के लिये घर में 50 गैलनों में तेल रखा गया था। लेकिन वह लाशों में आग लगाता इससे पहले ही भारी संख्या में पुलिस बल आने के डर से वह फरार हो गया।
डिप्टी एसपी से विकास की नहीं बनती थी
सूत्रों का कहना है कि विकास दुबे ने पुलिस को बताया है कि देवेंद्र मिश्र से मेरी नहीं बनती थी। कई बार वो मुझसे देख लेने की धमकी दे चुके थे। देवेंद्र मिश्र से पहले भी बहस हो चुकी थी। विनय तिवारी ने भी बताया था कि सीओ तुम्हारे खिलाफ है। ऐसे में डिप्टी एसपी पर गुस्सा था। हालांकि उसे मैंने नहीं मारा। डिप्टी एसपी को सामने के मकान में मारा गया था?
डिप्टी एसपी ने विकास के पैर पर किया था तंज इसलिए मारी पैर पर गोली
डिप्टी एसपी ने कहा था कि विकास का एक पैर गड़बड़ है दूसरा भी सही कर दूंगा’ विकास ने पूछताछ में बताया कि डिप्टी एसपी कहते थे विकास का एक पैर गड़बड़ है। दूसरा भी सही कर दूंगा। इसलिए डिप्टी एसपी देवेंद्र मिश्रा के पैर पर वार किया। विकास ने बताया कि देवेंद्र का गला नहीं काटा गया था। गोली करीब से मारी गई थी इसलिए आधा चेहरा फट गया था।
सिर्फ चौबेपुर नहीं और भी थाने के पुलिसकर्मियों से उसके रिश्ते
विकास दुबे ने पूछताछ में बताया कि उसके संबंध सिर्फ चौबेपुर थाने की पुलिस से नहीं बल्कि आसपास के अन्य थानों के पुलिसकर्मियों से भी थे। उसने बताया कि एनकाउंटर के डर से उसने पुलिस पर हमला किया था। उसने कहा कि घटना के बाद हमने अपने साथियों को अलग-अलग भागने को कहा था।