नई मजेंटा लाइन पर बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से कालकाजी मंदिर तक मेट्रो से जाने में कल से सिर्फ19 मिनट लगेंगे। वहीं, सड़क मार्ग से यह दूरी पूरी करने में लगभग एक घंटा लगता है। जानकारों की मानें तो पीक आवर में यह समय करीब दो घंटे तक हो सकता है।
PICS: कल से 19 मिनट में तय होगी 1 घंटे की दूरी, बहुत अलग है मजेंटा लाइन मेट्रो
इसी से यह अंदाज लगाया जा सकता है कि नए मेट्रो रूट के खुलने से लोगों को कितना फायदा होगा। वहीं, धुलाई के दौरान कालिंदी कुंज डिपो में दीवार से मेट्रो के टकराने के मामले में डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने स्पष्ट किया कि मेन लाइन के मेट्रो ऑपरेशन में कहीं कोई खतरा नहीं है।
मजेंटा लाइन में पहली बार दिखेगा यह सब
इस लाइन पर प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर, हाइटेक सिग्नलिंग और ड्राइवरलेस मेट्रो पहली बार दिखेगी। हालांकि, ड्राइवरलेस के मामले में डीएमआरसी का स्पष्ट कहना है कि एक से दो साल तक ड्राइवरलेस के बारे में सोचा ही नहीं जा सकता। करीब दो साल तक ऐसे सहायक होंगे जो परिचालन व्यवस्था देखेंगे। धीरे-धीरे इनको हटा दिया जाएगा।
05 मिनट 14 सेकेंड की होगी फ्रीक्वेंसी
इस रूट पर ट्रेनों की 5 मिनट 14 सेकेंड की फ्रीक्वेंसी होगी। वहीं तकनीक के आधार पर इसे 80 से 100 सेकेंड तक किया जाएगा। यानी इतने अंतराल पर लोगों को मेट्रो मिल पाएगी।
25 दिसंबर को 5 बजे शाम से जनता को होगी समर्पित
25 दिसंबर को दोपहर में प्रधानमंत्री के हाथों मजेंटा लाइन के उद्घाटन के बाद शाम 5 बजे से इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा यानी शाम पांच बजे से लोगों को इस रूट का लाभ उठाने को मिल पाएगा।