डाबर आंवला मिस नार्थ इंडिया प्रिंसेस का तीसरा और आखिरी प्रीलिम शनिवार को दिल्ली में संपन्न हो गया। तीसरे प्रीलिम में बड़ी संख्या में नार्थ इंडिया प्रिंसेस के ग्रैंड फिनाले में जगह बनाने का सपना लिए युवतियां भाग लेने के लिए पहुंची। आखिरी प्रीलिम में 190 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 12 सुंदरियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया।
देखें मिस नार्थ इंडिया प्रिंसेस के फैशन शो की झलकियां
जज की भूमिका निभाने वाले चीफ मेंटर और ग्रूमिंग एक्सपर्ट अवलीन खोखर, जग्नूर अनेजा और वरुण कटियाल ने इन सुंदरियों को खूब तारीफ की। दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित पार्क इन बाय रेडिसन में शनिवार सुबह से ही प्रतिभागियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
आखिरी प्रीलिम में सिर्फ दिल्ली-एनसीआर के शहरों से नहीं बल्कि आस-पास के शहरों जैसे मुरादाबाद, आगरा, रामपुर, बदायूं से भी बड़ी संख्या में युवतियों ने शिरकत की। मुकाबले में प्रतिभागियों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। म्यूजिक की ताल के साथ सुंदरियों ने कैटवॉक कर वहां मौजूद लोगों और जजों का दिल जीत लिया।
मुकाबले के दौरान प्रतिभागियों की प्रतिभा को तीन राउंड में परखा गया। सबसे पहले रैंप पर कैटवॉक के दौरान सुंदरियों की प्रतिभा को परखा गया। दूसरे राउंड में डांस और तीसरे राउंड में इंट्रोडक्शन और सवाल-जवाब के जरिए युवतियों का चयन किया गया। प्रतिभागियों के खुद पर भरोसा और कांफिडेंस लेवल को जजों ने परख कर अगले राउंड के लिए 12 सुंदरियों का चयन किया।
जजों का कहना था कि सिर्फ सुंदर दिखना ही जरूरी नहीं है। आपकी सोच, आपका आत्मविश्वास ही आपको आगे ले जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी ने जजों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश की। डाबर आंवला मिस नार्थ इंडिया प्रिंसेस पावर्ड बाई होंडा टू व्हीलर्स व कैच साल्ट्स एंड स्पाइसेज, ड्रिवेन पार्टनर डैट्सन और ऑनलाइन पार्टनर अमर उजाला डॉट काम के सहयोग से इसका आयोजन किया गया।