महापर्व: दिल्ली में 996 स्थानों पर बने 1482 छठ घाट, 74 एजेंसियां संभाल रहीं तैयारियां; अधिकारी-मंत्री मौके पर
लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार को आईटीओ स्थित हाथी घाट पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया।
विस्तार
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में कुल 996 स्थानों पर 1,482 छठ घाट बनाए गए हैं। इनमें 53 स्थानों पर 81 स्थायी घाट, 914 स्थानों पर 1,372 अस्थायी घाट और यमुना किनारे 29 स्थानों पर 29 घाट शामिल हैं। तैयारियों को पूरा कराने के लिए 74 एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है और कुल 155 कार्य आवंटित किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार को आईटीओ स्थित हाथी घाट पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार की ओर से घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। खासतौर पर उन घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में व्रतियों और उनके परिजनों के पहुंचने की संभावना है। दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि छठ पूजा लाखों परिवारों, विशेषकर पूर्वांचल के लोगों की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महापर्व है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले और वे परिवार के साथ शांतिपूर्वक पूजा कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को सभी घाटों पर जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आंकड़ों में...
- 996 स्थानों पर कुल 1,482 घाट
- 81 स्थायी घाट 53 स्थानों पर
- ,372 अस्थायी घाट 914 स्थानों पर
- यमुना किनारे 29 घाट
- 74 एजेंसियों को जिम्मेदारी
- 155 कार्य आवंटित
यमुनापार में तैयारियां तेज, घाटों पर जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर यमुनापार में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों से लेकर कॉलोनियों के छठ पार्क तक पूजा समितियों ने व्यवस्थाएं जुटानी शुरू कर दी हैं। घाटों की सफाई, रास्तों को दुरुस्त करने, पक्की सीढ़ियां बनवाने और रोशनी के इंतजाम किए जा रहे हैं। कई घाटों पर सफाई का काम पूरा हो चुका है जबकि कुछ जगहों पर अभी व्यवस्थाएं अधूरी हैं। इन्हें पूरा कराने के लिए विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
यमुनापार में छठ पूजा का आयोजन बड़े स्तर पर होता है। सोनिया विहार में छठ पूजा समाज सुधार समिति के अध्यक्ष वाईके झा के नेतृत्व में जीरो पुश्ता, ढाई पुश्ता, साढ़े तीन पुश्ता, साढ़े चार पुश्ता, मिलन गार्डन और चौहान पट्टी में पूजा का आयोजन कराया जाता है। इन छह स्थानों पर करीब ढाई लाख श्रद्धालु पूजा में शामिल होते हैं। वहीं वजीराबाद में छठ सेवा समिति के अध्यक्ष शशि शेखर, पूर्वांचल मित्र महासभा के अध्यक्ष उत्तम सिंह, पूर्वांचल एकता संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह और बिहार मित्र मंडल के अध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा की समितियों की ओर से पूजा का आयोजन कराया जाता है। छठ सेवा समिति के अनुसार वजीराबाद में कई लाख श्रद्धालु पूजा में शामिल होते हैं।
यमुना विहार के एमटीएनएल ग्राउंड में भी छठ सेवा समिति की ओर से आयोजन कराया जाता है जहां करीब चार हजार लोग पूजा करते हैं। मुकुंद विहार छठ पार्क में पूर्वांचल मित्र महासभा की ओर से बनाए गए दो स्थायी घाटों पर चार से पांच हजार श्रद्धालु पूजा करते हैं। वहीं बिहार मित्र संगठन के अध्यक्ष दीन बंधु की समिति सिग्नेचर ब्रिज के नीचे छठ पूजा का आयोजन कराती है। इन सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां चल रही हैं।
पूजा समितियों की ओर से घाटों की सफाई के साथ रास्तों को दुरुस्त करने और जहां पक्की सीढ़ियां नहीं हैं वहां सीढ़ियां बनवाने की तैयारी की जा रही है। वजीराबाद घाट पर बुधवार को भी सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने, भोजपुरी और मैथिली गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। समितियों के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन से मिलकर घाटों पर अधूरे पड़े कामों को पूरा कराने की मांग रखेंगे। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के पहुंचने को देखते हुए घाटों पर बेहतर इंतजाम जरूरी हैं।
छठ पूजा पर दिल्ली हाईकोर्ट में 16 नवंबर को अवकाश, सुनवाई की तारीखें बदलीं
दिल्ली हाईकोर्ट ने छठ पूजा के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को अवकाश घोषित किया है। इस दिन हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में कोई नियमित न्यायालयीन कार्यवाही नहीं होगी। अदालत के अनुसार, 16 नवंबर के लिए निर्धारित सभी सुनवाइयों को मंगलवार, 17 नवंबर को स्थानांतरित कर दिया गया है। ये सुनवाइयां उस दिन पहले से सूचीबद्ध मामलों के साथ होंगी।छुट्टी के कारण होने वाले कार्य दिवस के नुकसान की भरपाई के लिए दिल्ली हाईकोर्ट नवंबर के तीसरे शनिवार यानी 21 नवंबर को भी खुला रहेगा और कार्य करेगा। अधीनस्थ अदालतों के लिए भी संबंधित समायोजन किया गया है। अदालत ने अधिवक्ताओं और पक्षकारों से अनुरोध किया है कि वे अपनी सुनवाई की नई तारीखों की जानकारी नियमित रूप से जांचते रहें।
छठ की रौनक से सजे बाजार, बांस के सूप-दउरा और फलों की बढ़ी मांग
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूर्वी दिल्ली के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में कहीं बांस के सूप और दउरा की दुकानें सजी हैं तो कहीं केला, नारियल, गन्ना और मौसमी फलों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। छठ की तैयारियों के बीच पारंपरिक पूजा सामग्री की मांग बढ़ने से छोटे कारोबारियों और फल विक्रेताओं को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। खास बात यह है कि आधुनिक सजावट के विकल्पों के बीच बांस से बने पारंपरिक सूप और दउरा आज भी छठ की खरीदारी का अहम हिस्सा बने हुए हैं। पूर्वी दिल्ली के बाजार जैसे सीलमपुर, जाफराबाद, मौजपुर, भजनपुरा, सोनिया विदार, दयालपुर, करावल नगर और गांधी नगर समेत यमुनापार के कई बाजारों में छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। बांस के सूप, दउरा, टोकरी और डलिया के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की खरीदारी हो रही है। कई दुकानों पर सादे सूप के साथ सजावटी सूप और रंगीन दउरा भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। वहीं, फल विक्रेताओं ने भी त्योहार को देखते हुए अपनी दुकानें तैयार कर ली हैं।
छठ के पर्व पर फलों का महत्व
छठ पूजा में प्रसाद और अर्घ्य के लिए इस्तेमाल होने वाले फलों की मांग भी बाजार में बढ़ने लगी है। केला, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, सेब और अन्य मौसमी फलों की खरीदारी को लेकर ग्राहक दुकानों का रुख कर रहे हैं। पूजा की परंपरा में इन सामग्रियों का महत्व होने के कारण लोग खरीदारी में कोई कमी नहीं रखना चाहते। फल विक्रेता भी त्योहार के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद में अतिरिक्त माल मंगाने की तैयारी कर रहे हैं।
मार्केट में पारंपरिक के साथ-साथ नए डिजाइन भी मौजूद
इस बार बाजार में पारंपरिक और सजावटी सामान का मेल भी देखने को मिल रहा है। बांस के सूप और दउरा को रंगीन कपड़ों, फूलों और सजावटी सामग्री से आकर्षक रूप दिया जा रहा है। इससे पारंपरिक सामान को नया रूप मिल रहा है। वहीं, कुछ ग्राहक सादगी पसंद करते हुए पुराने पारंपरिक स्वरूप वाले सूप-दउरा को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। छठ पूजा का बाजार केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छोटे दुकानदारों, फल विक्रेताओं और बांस के सामान तैयार करने वाले कारीगरों की आजीविका भी जुड़ी है। त्योहार के कुछ दिनों में होने वाली बिक्री उनके लिए साल की अहम कमाई का जरिया बनती है। ऐसे में छठ की बढ़ती रौनक से बाजार के छोटे कारोबारियों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
सिर पर सामान, चेहरे पर थकान और आंखों में घर पहुंचने की आस
छठ महापर्व पर अपनों के साथ त्योहार मनाने की चाह में दिल्ली से बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भीड़ आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही है। किसी के सिर पर बड़ा बैग है तो किसी के हाथ में बच्चों का सामान और खाने-पीने की चीजें। चेहरे पर सफर की थकान साफ दिखाई दे रही है, लेकिन आंखों में घर पहुंचने की उम्मीद बरकरार है। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों का काफी समय प्लेटफॉर्म पर ही बीत रहा है। कई परिवार सामान के बीच बैठकर ट्रेन आने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। छठ स्पेशल ट्रेनें चलने के बावजूद यात्रियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही है। यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण ट्रेनों में भी दबाव बना हुआ है।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों के इंतजार में लोग अपने परिवार और सामान के साथ जगह तलाशते नजर आ रहे हैं। किसी को ट्रेन में सीट मिलने की चिंता है तो किसी को समय पर घर पहुंचने की। लंबा सफर होने के कारण महिलाएं और बच्चे भीड़ के बीच परेशान हो रहे हैं। यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती सामान संभालने के साथ ट्रेन आने तक इंतजार करना है। त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दी में यात्री प्लेटफॉर्म पर ही कई घंटे बिता रहे हैं।
स्पेशल ट्रेनें भी नहीं दे पा रहीं पूरी राहत
छठ के मद्देनजर रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने से दबाव बना हुआ है। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी सफर करने वालों की भीड़ दिखाई दे रही है। कंफर्म टिकट और सीट मिलने की चिंता के बीच यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। जिन परिवारों के साथ छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं, उनके लिए लंबा इंतजार और भी मुश्किल हो रहा है। यात्रियों को उम्मीद है कि किसी तरह ट्रेन मिले और वह छठ से पहले अपने घर पहुंच सकें। कुछ यात्री ऐसे भी है, जिनकी टिकट कंफर्म नहीं हुई। लेकिन छठ पर घर जाने की मजबूरी के कारण रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट बनवा कर घर जाने की कतार में खड़े है।
स्टेशन के बाहर भी जाम, सफर शुरू होने से पहले परेशानी
भीड़ का असर सिर्फ प्लेटफॉर्म या स्टेशन के अंदर तक सीमित नहीं है। स्टेशन के बाहर भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन पकड़ने की जल्दी में ऑटो, कैब और निजी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से वाहनों की कतार लग रही है। यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और उतरने के लिए जगह तलाशनी पड़ रही है। सामान के साथ वाहन से उतरकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचना भी आसान नहीं है। ऐसे में घर जाने का सफर शुरू होने से पहले ही यात्रियों को जाम और भीड़ से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में छठ पर घर लौटने की उत्सुकता के बीच आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़ रेलवे के इंतजामों की भी परीक्षा ले रही है। यात्रियों के लिए त्योहार की खुशी तभी पूरी होगी, जब वह तमाम मुश्किलों के बीच सुरक्षित और समय पर अपने घर पहुंच पाएंगे।
छठ पर घर जाने वालों की भीड़, दिल्ली से 12 हजार बसें और 31 विशेष ट्रेनें चलीं
छठ पर्व पर अपने घर जाने के लिए दिल्ली के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। इस भीड़ को देखते हुए रेलवे और बस परिवहन निगमों ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं कीं। करीब तीन लाख यात्री विशेष ट्रेनों से अपने घरों को रवाना हुए।
बुधवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों से 31 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। इन ट्रेनों के माध्यम से बड़ी संख्या में यात्री अपने गृहनगर पहुंचे। कश्मीरी गेट, आनंद विहार और सराय काले खां जैसे प्रमुख बस अड्डों पर भी सुबह से देर शाम तक भीड़ बनी रही। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए निजी तथा सरकारी परिवहन यूपीएसआरटीसी और बीएसआरटीसी की करीब 12 हजार से अधिक बसें संचालित हुईं। इन बसों से लगभग 80 हजार से एक लाख यात्री अपने गृहनगर रवाना हुए। रेलवे ने नई दिल्ली से 10, आनंद विहार टर्मिनल से आठ और शकूरबस्ती से सात विशेष ट्रेनें चलाईं। हजरत निजामुद्दीन से चार, दिल्ली जंक्शन और रोहतक से एक-एक विशेष ट्रेन का संचालन हुआ। यात्रियों की संख्या के आधार पर अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेनें चलाने की भी व्यवस्था की गई थी।
बस अड्डों पर यात्रियों का दबाव
बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ का सबसे अधिक दबाव कश्मीरी गेट और आनंद विहार में देखा गया। पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की अधिक संख्या के कारण बसों में सीट पाने के लिए मारामारी जैसी स्थिति रही। सराय काले खां और अन्य प्रमुख बस अड्डों पर भी यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रही। निजी बस ऑपरेटरों के साथ सरकारी परिवहन निगम की बसें भी यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाती रहीं। ट्रेनों में सीट न मिलने से निराश बड़ी संख्या में यात्रियों ने सरकारी और निजी बसों का रुख किया।
बसों का व्यापक संचालन
कश्मीरी गेट से करीब 1750 बसें और आनंद विहार से लगभग 1500 बसें रवाना की गईं। सराय काले खां से करीब 12 सौ सरकारी बसें चलाई गईं। दिल्ली के अन्य बस अड्डों को मिलाकर करीब साढ़े पांच हजार यूपी-बिहार पंजीकृत बसें संचालित हुईं। उत्तर प्रदेश के कौशांबी से भी यूपीएसआरटीसी की एक हजार बसें चलीं। दिल्ली के अन्य निजी बस अड्डों से भी लगभग साढ़े पांच हजार बसें चलाई गईं।