वैलेंटाइन डे : मोहब्बत के रंग में रंगा सूरजकुंड मेला
गुलाब की खुशबू के साथ मंगलवार को प्रेमियों ने प्यार का इजहार किया। प्रेम के महापर्व को यादगार बनाने के लिए युवाओं ने अलग-अलग तरीके अपनाए। किसी ने प्रेम का इजहार करने के लिए पार्क को चुना तो किसी ने मॉल में फिल्म और लंच के साथ अपने वेलेंटाइन को उपहार देकर प्रपोज किया। सूरजकुंड मेला परिसर भी मोहब्बत के रंग में रंगा नजर आया। कोई किसी को गुलाब देकर इजहार ए इश्क करता नजर आया तो कोई मीठी-मीठी बातों से प्रेमिका के चेहरे पर हंसी लाने की कोशिश करता दिखा। इधर मेला परिसर में कोने-कोने पर अश्लीलता रोकने के लिए पुलिस का कड़ा पहरा दिखा।
कैबिनेट की बैठक होने के कारण पूरी सरकार सूरजकुंड में थी। ऐसे में पुलिस और ज्यादा सतर्क नजर आई। हालांकि फूड कोर्ट व उसके आसपास की जगह डेटिंग प्वाइंट में तब्दील नजर आई। वेलेंटाइन डे का ही असर था कि मंगलवार को भी मेला परिसर भीड़ से खचाखच भरा नजर आया। सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की देखने को मिली। फूलों, आर्टिफिशियल गहनों और कपड़ों की युवाओं ने खूब खरीदारी की। मेले में गुलाब का एक फूल 30 रुपये और गुलदस्ता अधिकतम 150 रुपये में बिक रहा था। बड़ी संख्या में युवा जोड़ों ने सूरजकुुंड झील में जाकर एकांत के दो पल व्यतीत किए।
सेल्फी प्वाइंट बन गए लव प्वाइंट
सूरजकुंड मेले में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट लव प्वाइंट में तब्दील नजर आए। वेलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए युवा वर्ग ने सेल्फी प्वाइंट पर इजहार ए मोहब्बत को कैमरे में कैद किया। किसी ने लाल गुलाब अपनी प्रेमिका को समर्पित करते हुए सेल्फी ली तो किसी ने बांहों में बाहें डाले इस पल को कैमरे में कैद किया।
शहर में फूलों की दुकान पर लाल गुलाब की जमकर बिक्री हुई। कई दुकानों पर तो दोपहर 12 बजे तक सारे लाल गुलाब बिक चुके थे। एनआईटी-एक, सेक्टर-15 आदि मार्केट स्थित फूलों की दुकानों में युवाओं ने जमकर खरीदारी की। दुकानदारों ने भी प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए नए-नए डिजाइन के बुके व टोकरियां सजा रखी थीं। इस बार हार्ट शेप बुके की धूम रही। दुकानदार मोहित ने बताया कि हार्ट शेप बुके की मांग सबसे अधिक रही, इसमें विशेष रूप से लाल गुलाबों को टोकरी में सजा कर दिल का आकार दिया गया था। फूलों के बीच दिल के ही आकार का गुब्बारा या प्लास्टिक का दिल लगाया गया था। यह बुके 300 से 400 रुपये तक बिका। इसके अलावा लाल फूल की मांग सबसे अधिक रही, आम दिनों में 10 रुपये में बिकने वाले एक गुलाब की कीमत रविवार को 25 से 50 रुपये तक पहुंच गई।