दिल्लीः स्टंट वाली सेल्फी के शौक ने ले ली दसवीं के दो छात्रों की जान
साथ में आए पांच अन्य छात्र बाल-बाल बच गए। मृतकों की शिनाख्त शुभम सैनी (15) और यश कुमार (15) के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो सामने से दूसरे ट्रैक पर आती हुई ट्रेन के साथ प्रोफेशनल कैमरे से फोटो खींचने के दौरान पीछे से जिस ट्रैक पर वह खड़े थे, ट्रेन आ गई। घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकले छात्र रेलवे ट्रैक पर सेल्फी व फोटो शूट के लिए पहुंचे थे। आनंद विहार रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने सब्जी मंडी मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, यश कुमार परिवार के साथ गली नंबर-9, प्रताप नगर, मयूर विहार-1 में रहता था। इसके परिवार में पिता राजेश कुमार चंदलिया, मां कमलेश, एक छोटी बहन अकांक्षा है। वहीं मूलरूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला शुभम सैनी परिवार के साथ गली नंबर-10 शशि गार्डन में रहता था। इसके परिवार में पिता जसवंत सैनी व अन्य सदस्य हैं।
शाम करीब 5 बजे फोटो शूट के दौरान दोनों ट्रैक पर एक साथ ट्रेन आ गई। सभी का ध्यान सामने से आने वाली ट्रेन की ओर से था। अचानक पीछे से आई ट्रेन की चपेट में शुभम व यश आ गए। बाकी पांचों छात्रों ने दोनों ट्रेन के बीच की जगह में कूदकर जान बचाई। यश और शुभम की मौके पर मौत हो गई। अक्षरधाम मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे की जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि शूट के लिए सभी छात्रों ने पांडव नगर इलाके की एक दुकान से किराये पर प्रोफेशनल कैमरा (डीएसएलआर) लिया था। कैमरे का एक दिन का किराया चार सौ रुपये था। पुलिस को पूछताछ में बाकी पांचों छात्रों ने बताया है कि यश को सेल्फी के अलावा फोटो शूट का बहुत शौक था। उसी के कहने पर सभी दोस्तों ने फोटो शूट का प्रोग्राम बनाया था।
अक्षरधाम मंदिर मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर हादसे का शिकार हुए यश के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। यश अपने परिवार में इकलौता बेटा था। हादसे की खबर सुनते ही उसकी मां कमलेश बेहोश हो गई थीं। यश के एक परिजन ने बताया कि बच्चे रोजाना शाम 7.30 से 9.30 बजे के बीच ट्यूशन के लिए जाते थे लेकिन फिलहाल छुट्टियां होने के कारण इनके ट्यूशन का टाइम बदलकर 12 से 2 बजे के बीच हो गया था। शनिवार को जब यश घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने दोस्तों को कॉल कर उसका पता लेने का प्रयास किया था। लेकिन देर शाम को उसकी मौत की खबर मिली। इधर शुभम के परिवार को शाम के समय उसकी मौत की खबर मिली। शुभम के पिता जसवंत घटना स्थल पर पहुंच गए। शुभम का परिवार रविवार को पोस्टमार्टम कराकर हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गया।