Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Amar Ujala Investigation: 'Death-trap' charging stations have sprung up in every street of Delhi

अमर उजाला पड़ताल: दिल्ली की गली-गली में बने हैं 'मौत' के चार्जिंग स्टेशन, हादसों के बाद भी नहीं जागे विभाग

Mon, 30 Nov 2026 03:13 AM IST
दुष्यंत शर्मा शुजात आलम, नई दिल्ली
शुजात आलम, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Mon, 30 Nov 2026 03:13 AM IST
सार

जानलेवा हादसों और तमाम अनियमितताओं के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है।

विज्ञापन
Amar Ujala Investigation: 'Death-trap' charging stations have sprung up in every street of Delhi
दिल्ली में लगातार हो रहे हैं जानलेवा हादसे - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पूर्वी दिल्ली में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या के बीच इनकी चार्जिंग के इंतजाम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। कई जगहों पर रिहायशी मकानों के भूतल, गोदामों, छोटे प्लॉटों और संकरी गलियों में ई-रिक्शा खड़े कर उनकी बैटरियां चार्ज की जाती हैं। इन स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं, चार्जिंग के लिए जरूरी अनुमति ली गई है या नहीं और बिजली का लोड निर्धारित क्षमता के अनुरूप है या नहीं, इसकी निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन


इन तमाम अनियमितताओं के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ई-रिक्शा चालकों के लिए चार्जिंग की व्यवस्था जरूरी है, लेकिन जब यह सुविधा रिहायशी इमारतों के भीतर या ऐसे स्थानों पर संचालित होती है, जहां आग लगने की स्थिति में लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो सकता है, तो खतरा केवल वाहनों तक सीमित नहीं रहता। आसपास रहने वाले परिवार, किरायेदार और राहगीर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
विज्ञापन


दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगने और करंट लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शाहदरा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और राजधानी के अन्य इलाकों में हुए हादसों में लोगों की जान जा चुकी है। रविवार को विश्वास नगर में चार लोगों की मौत की घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पिछले हादसों से सबक लेकर अनधिकृत चार्जिंग केंद्रों की जांच और निगरानी के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं?
विज्ञापन
विज्ञापन


चार विभागों की जिम्मेदारी, लेकिन निगरानी पर सवाल
अनधिकृत चार्जिंग पॉइंट की जांच में नगर निगम, बिजली वितरण कंपनी, दमकल विभाग और पुलिस की भूमिका अहम है। नगर निगम स्तर पर लाइसेंस और स्थानीय नियमों के अनुपालन की जांच, बिजली वितरण कंपनी की ओर से कनेक्शन और स्वीकृत लोड का परीक्षण तथा दमकल विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच जरूरी है। पुलिस भी अवैध गतिविधियों और लापरवाही से जुड़े मामलों में कार्रवाई कर सकती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि रिहायशी इलाकों में एक साथ कई ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे हैं, तो वहां बिजली के तारों, स्विच बोर्ड, चार्जर और बैटरियों की व्यवस्था कितनी सुरक्षित है? आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं? किसी चार्जिंग केंद्र में आग लगने की स्थिति में आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता मिलेगा या नहीं? इन सभी पहलुओं की नियमित जांच जरूरी है।

सुरक्षित चार्जिंग व्यवस्था उपलब्ध कराना जरूरी
पूर्वी दिल्ली की ज्यादातर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का कहना है कि ई-रिक्शा चालकों के लिए अधिकृत और सुरक्षित चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसी सुविधाओं के अभाव में चालक मजबूरीवश रिहायशी मकानों, गोदामों या असुरक्षित बिजली व्यवस्था वाले स्थानों पर वाहन चार्ज करते हैं। प्रशासन को अनधिकृत चार्जिंग केंद्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही, ई-रिक्शा चालकों के लिए

ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान हुए कुछ पुराने हादसे...

  • 08 जून 2022: जामिया मिल्लिया इस्लामिया मेट्रो स्टेशन के पास: पार्किंग क्षेत्र में भीषण आग लगने से बड़ी संख्या में वाहन जल गए थे। इनमें करीब 80 ई-रिक्शा भी शामिल थे।
  • 16 सितंबर 2023: नंद नगरी: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ई-रिक्शा में आग लगने की घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
  • 11 जुलाई 2024: शाहबाद डेयरी: अनधिकृत चार्जिंग केंद्र पर ई-रिक्शा चालक पंकज रविदास की करंट लगने से मौत हो गई थी। परिजनों ने चार्जिंग केंद्र पर बिजली के तारों की असुरक्षित व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया था।
  • 22 अगस्त 2024: शालीमार बाग: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में अनधिकृत चार्जिंग स्थल पर ई-रिक्शा के संपर्क में आने से सात वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई थी।
  • 19 मई 2025: विश्वास नगर: ई-रिक्शा चार्जिंग क्षेत्र में आग लगने से छह लोग घायल हो गए थे। घायलों में दो बच्चे भी शामिल थे।
  • 25 मई 2025: राम नगर, शाहदरा: ई-रिक्शा चार्जिंग और पार्किंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे गोदाम में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए थे। गोदाम में गन्ने के रस की मशीनें भी रखी थीं।
  • 9 जून 2025: दिलशाद गार्डन: कोड़ी कॉलोनी में घर के भीतर ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। आग की चपेट में एक बाइक भी आ गई थी।
  • 29 नवंबर 2026: विश्वास नगर: रिहायशी इमारत के भीतर ई-रिक्शा पार्किंग और चार्जिंग क्षेत्र में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो घायल हुए। पुलिस आग लगने के कारण और चार्जिंग व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पड़ोसियों की समझदारी से टला बड़ा हादसा
विश्वास नगर की गली नंबर-11 में रविवार तड़के चार मंजिला मकान में लगी आग एक बड़े हादसे में बदल सकती थी। इमारत की ऊपरी तीन मंजिलों पर करीब 20 लोग रहते हैं। आग और धुएं के तेजी से फैलने के बीच सभी की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन पड़ोसियों की तत्परता और दमकल की टीम के समय पर पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने भी मोर्चा संभाल लिया।

पड़ोसी मोहम्मद अयाज ने अपने घर की मोटर चालू कर बड़े पाइप से आग पर पानी डालना शुरू कर दिया। उनके भाई मोहम्मद फरियाद और किराएदार अनुरुद्ध व प्रीतिश भी मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों की कोशिशों से आग पर काफी हद तक काबू पाने में मदद मिली। इसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम संभाला। 

तीसरी मंजिल पर रहने वाले प्रमोद राय ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे काला धुआं उनके कमरे तक पहुंच गया। धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने लगी। वह अपने कमरे में रहने वाले दो साथियों के साथ किसी तरह सीढ़ियों से नीचे उतरे। उनके बगल के कमरे में रहने वाले परिवार ने दूसरे मकान की छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहने वाले अन्य लोग भी मुश्किल से बाहर निकल पाए। 

मोहम्मद अयाज ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। पहले लगा कि जैसे बारिश हो रही हो, लेकिन कुछ ही देर में धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने लगी। घर से बाहर निकलकर देखा तो मकान में आग लगी हुई थी। उन्होंने करीब सवा चार बजे दमकल विभाग को फोन कर सूचना दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पाइप से पानी डालना शुरू किया। दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग को ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोकने में जुट गई। समय रहते लोगों के बाहर निकलने और पड़ोसियों की मदद से इमारत में मौजूद अन्य लोग आग की चपेट में आने से बच गए।



किसी के सिर से उठा पिता का साया तो किसी की बेटियों की शादी का सपना टूटा...
विश्वास नगर की गली नंबर-11 में लगी आग ने सिर्फ चार जिंदगियां ही नहीं छीनीं, बल्कि यूपी के शाहजहांपुर जिले के एक गांव के चार परिवारों के सपनों को भी राख कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले साधुराम कश्यप (50), महेंद्र कश्यप (40), अशोक कश्यप (40) और लालाराम यादव (35) एक ही गांव अमईपुर-संडा के रहने वाले थे। इस हादसे में घायल ठाकुर दास भी इसी गांव के हैं, जबकि दूसरे घायल रामबीर पड़ोसी गांव मितईपुर के रहने वाले हैं। चारों मृतक कई वर्षों से दिल्ली में रहकर काम करते थे। उनकी कमाई से ही गांव में उनके परिवारों का चूल्हा जलता था। किसी के बच्चों की पढ़ाई चल रही थी तो किसी के घर में बेटी की शादी की तैयारियां हो रही थीं। अब चारों परिवारों के सामने अपनों को खोने के साथ-साथ रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है।

बेटियों की शादी के लिए जोड़ रहे थे पाई-पाई, अब कौन पूरा करेगा सपना : मृतक अशोक कश्यप के रिश्तेदार उदयबीर ने बताया कि अशोक उनके मामा के बेटे थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। अशोक की दो बेटियों की शादी के लिए लड़के तलाशे जा रहे थे। वह दिल्ली में मेहनत करके अपनी बेटियों की शादी के लिए एक-एक पैसा जोड़ रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि पिता अपनी जिम्मेदारी पूरी कर बेटियों को धूमधाम से विदा करेंगे, लेकिन हादसे ने यह सपना हमेशा के लिए छीन लिया। अब पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

वहीं साधुराम कश्यप के परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं। बच्चे गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी पढ़ाई और घर के खर्च की जिम्मेदारी साधुराम के कंधों पर थी। साधु पत्नी की सड़क हादसे में दो साल पहले मौत हो चुकी है। अब बच्चों से माता-पिता साया उठ गया है। वहीं महेंद्र कश्यप की पत्नी का भी पहले ही निधन हो चुका था। गांव में उनकी मां और छोटा भाई रहते हैं। दोनों की देखभाल और घर चलाने की जिम्मेदारी महेंद्र ही संभाल रहे थे। लालाराम यादव के परिवार में पांच बेटियां हैं। बेटियों की पढ़ाई से लेकर परिवार के रोजमर्रा के खर्च तक की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। चारों परिवारों के लिए अब भविष्य की चिंता सबसे बड़ा सवाल बन गई है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed