गुंचा द्विवेदी की उम्र अभी सिर्फ 18 साल है और शनिवार को उनके 12वीं के नतीजे आए। प्री-बोर्ड एग्जाम के दौरान उन्हें जिस तरह के नंबर मिले थे उसके बाद उनके दोस्तों सहित टीचर्स इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थे कि गुंचा का फेल होना लगभग तय है।
लेकिन किसी और से ज्यादा गुंचा को खुद पर भरोसा था। इसीलिए उन्होंने पढ़ाई के साथ अपना शौक जारी रखा और शनिवार को जब सीबीएसई ने 12वीं के नतीजे जारी किए तो पता चला कि गुंचा न सिर्फ पास हो गई हैं बल्कि, उन्हें 87% अंक मिले हैं।
असल में गुंचा पढ़ाई के साथ थियेटर और एक्टिंग में व्यस्त रहती हैं। फिलहाल वो टीवी सीरियल कर्मभूमी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इसके साथ ही साथ गुंचा एक वेबसीरीज के लिए भी शूटिंग में व्यस्त हैं। गुंचा बताती हैं कि पिछले एक साल से वो अपनी एक्टिंग में इतना व्यस्त रहीं कि उन्हें स्कूल जाने और क्लास करने का मौका शायद ही मिल पाया।
शूटिंग की इस व्यस्तता से उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई लेकिन प्री-बोर्ड के नतीजों ने उन्हें डरा ही दिया था। गुंचा बताती हैं कि बोर्ड एग्जाम के बाद उन्हें पास होने की उम्मीद तो थी लेकिन 87 प्रतिशत अंक मिलेंगे इसकी बिल्कुल भी आशा नहीं थी।