दिल्ली के जाफरपुर कलां के खेड़ा डाबर गांव में बेटे की मौत से आहत और 35 लाख की ठगी से परेशान एक डीटीसी ड्राइवर ने शुक्रवार सुबह पत्नी और बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोपहर को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
MBBS कर रहे बेटे की मौत के बाद पूरे परिवार ने की आत्महत्या, धोखे और कर्ज ने सबकुछ किया तबाह
पुलिस ने सात पन्ने का सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें उसने रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे बेटे की 19 अगस्त को हुई मौत से आहत होने की बात के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर लाखों रुपये की ठगी होने से परेशान होकर कदम उठाने की बात लिखी है। जाफरपुर कलां थाना पुलिस खुदकुशी के लिए उकसाने और ठगी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह खेड़ा डाबर गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और भगवान दास (50), पत्नी शारदा (48) और बेटी सरिता (20) को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भगवान दास और उसकी बेटी सरिता को मृत घोषित कर दिया। जबकि शारदा का इलाज के दौरान दोपहर में मौत हो गई।
भगवानदास सेना में लांसनायक था। पांच छह साल पहले सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह डीटीसी में बतौर ड्राइवर कार्यरत था। बेटी सरिता पत्राचार से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। सुसाइड नोट में भगवान दास ने लिखा है कि 19 अगस्त को उसके बेटे कुलदीप की मौत हो गई। इस वजह से पूरा परिवार आहत है और इस वजह से यह कदम उठा रहा है। उसने दो लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसने इंदिरापुरम के आदित्य अपार्टमेंट में रहने वाले आलोक सिन्हा और नसीम पर बेटे के मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के नाम पर 35 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है और उन्हें सजा दिलाने की बात कही है।
शारदा ने दी पड़ोसियों को जानकारी
जांच में पता चला कि भगवान दास ने बृहस्पतिवार रात अपनी पत्नी और बेटी के साथ जहरीला पदार्थ पी लिया। सुबह में शारदा की आंख खुली तो उसे तेज दर्द हो रहा था वह चल नहीं पा रही थी। किसी तरह वह घर के दरवाजे पर पहुंची और वहां से गुजर रहे लोगों को जानकारी देकर बेसुध होकर गिर गई। पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा तो भगवानदास व उसकी बेटी अचेत पड़ी थी। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।