अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर हरियाणा के मेवात जिले की मरोड़ा ग्राम पंचायत का नाम रखा जाएगा। शुक्रवार को सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक गांव मरोड़ा में उद्घाटन करेंगे। बता दें कि मरोड़ा, निजामपुर और छावा तीनों गांव की संयुक्त पंचायत है। इन तीनों गांवों को अब ट्रंप सुलभ ग्राम के नाम से जाना जाएगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति के नाम पर उनके गांव का नाम रखे जाने से गांव के लोग खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि अब उनके गांव की तकदीर और तस्वीर दोनों ही बदलने वाली है।
शुक्रवार को गांव में शौचालय बनाने का भी उद्घाटन किया जाएगा। गांव मरोड़ा निवासी रूजदार, जब्बार ओर कासिम का कहना है कि जब उनको पता चला है कि उनके गांव का नाम अमेरिका के राष्ट्रपति के नाम पर रखा जा रहा है, तब से उनकी खुशी का ठिकाना नही रहा है।
आज उनका गांव दुनिया के मानचित्र पर आ गया है। ट्रंप के गोद लेने से उनके गांव में बिजली पानी की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि उनको इस बात की भी खुशी है कि मरोड़ा, निजामपुर ओर छावा तीनों गांवों का नाम एक ही होगा।
वही, गांव की महिला अनीसा का कहना है कि वो अनपढ़ है वह ये नही जानती की उनके गांव को किसने गोद लिया है। पर सुना है कि कोई बड़ा आदमी है जो उनके गांव में काम करेगा। शायद अब उनके सिर से पानी लाने का मटका उतर सकेगा। आप को बता दें कि गांव मरोड़ा, निजामपुर और छावा गांव की करीब 4000 की आबादी है। जिसमें करीब 1500 वोट हैं। फिलहाल गांव छावा से गांव का सरपंच है।