मुझे मेरी पहचान छुपाने के लिए मजबूर न करो। मैं भी इंसान हूं। मुझे भी इंसानियत की नजर से देखने की हिम्मत दिखाओ। मैं एक ट्रांस वूमेन हूं और सिर उठाकर जीना चाहती हूं। समाज के हर तबके में पुरुष हो या स्त्री, सबके लिए जगह है, लेकिन ट्रांसजेंडर्स के लिए कोई जगह क्यों नहीं है। दिल्ली आईआईटी में रविवार को आयोजित टेड एक्स दिल्ली के मंच पर ट्रांस वूमेन नीसरा राय ने अपनी जिंदगी की कहानी बयां करते हुए पहली बार चेहरे से नकाब हटाकर समाज के सामने अपनी पहचान जाहिर की। इस इवेंट में ‘अमर उजाला’ मीडिया पार्टनर रहा।
PICS: टेड एक्स दिल्ली के मंच से मानवता को जीवंत बनाने का आगाज
नीसरा राय ने समाज में मानवता को जीवंत बनाने का प्रेरक संदेश दिया। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 17 विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े दिग्गजों ने अपने वक्तव्य पेश किए। इस दौरान सैकड़ों छात्रों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने वक्ताओं के विचारों के माध्यम से दुनिया की तस्वीर देखी।
वक्ताओं के खुले मंच टेड एक्स के 10वें इवेंट की प्रस्तुति इंफोसिस द्वारा की गई। टेड एक्स के इस इवेंट का शीर्षक ‘द फ्यूचर ऑफ ह्यूमेनिटी’ रखा गया। मंच का संचालन विनीत ने किया।
टेड एक्स के इंडिया एंबेसडर और दिल्ली टेड एक्स फाउंडर गौरव गुप्ता ने बताया कि टेड एक्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वक्ताओं को अपने विचार सबके समक्ष रखने का मंच प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि दिनों-दिन व्यस्त होती लोगों की जिंदगी में मानवता का अहसास धूमिल होने लगा है। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए इस इवेंट की नींव रखी गई। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसी कोशिश है, जिसके जरिये मानवता का भाव फिर से लोगों के दिलों में जीवंत बनाया जा सकेगा।