नोएडा सेक्टर-18 में रविवार शाम खरीदारी करने आए एक दंपती को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। दोनों को कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार कार से टक्कर के बाद 20 मिनट तक वहीं तड़पते रहे दंपति, गर्भवती की मौत
महिला आठ माह की गर्भवती थी। हादसे में गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पार्किंग ठेकेदार का कर्मचारी है। पुलिस के अनुसार, मूलत: बरेली निवासी प्रतीक (32) सेक्टर-75 के जेएस एरो सोसाइटी में रहते हैं। वह एक अंग्रेजी अखबार में कार्य करते हैं। पत्नी मानसी (28) के साथ शाम को वह सेक्टर-18 में खरीदारी करने गए थे। कार पार्किंग में खड़ी कर कुछ खरीदारी की और फिर पैदल ही एक दुकान पर जा रहे थे।
इसी दौरान सेक्टर-18 की ही दूसरी पार्किंग से निकली तेज रफ्तार कार ने दंपती को कुचल दिया। कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि प्रतीक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना के बाद परिजन और रिश्तेदार कैलाश अस्पताल पहुंच गए।
एक्सीलेटर पर दब गया पैर
पुलिस का कहना है कि आरोपी पार्किंग से कार निकालकर अपने मालिक को देने वाला था लेकिन गलती से एक्सीलेटर पर पैर दब गया और अचानक रफ्तार बढ़ जाने से हादसा हो गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि दंपती को कुचलने के बाद कार एक खंभे से जा टकराई। इस दौरान दो और कारों को भी इस कार ने टक्कर मारी।
सेक्टर-18 में रविवार रात हुए हादसे के बाद घायल प्रतीक और मानसी काफी देर तक तड़पते रहे। लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की। हादसे के तुरंत बाद यदि उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया होता तो मानसी की जान बचाई जा सकती थी साथ ही गर्भस्थ शिशु की भी जान बच सकती थी। मानसी के सिर पर चोट लगी होने और घटना स्थल पर काफी रक्तस्राव हो जाने के कारण उसकी हालत बिगड़ती चली गई और इमरजेंसी गेट पर पहुंचकर मौत हो गई।