जामिया के बाद दिल्ली का उत्तर पूर्वी इलाका मंगलवार दोपहर को सुलग उठा। सीलमपुर और जाफराबाद इलाके में दोपहर को नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुई भीड़ उग्र हो गई और देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसा में तब्दील हो गया। पढ़ें पूरी खबर और देखें तस्वीरें....
नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने डीटीसी की कलस्टर बस और दिल्ली पुलिस के वज्र वाहन की तोड़फोड़ की है। वहीं दो दर्जन से ज्यादा निजी वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में थाना सीलमपुर इलाके के एक पुलिस बूथ में भी आग लगा दी। दरअसल इस पूरे बवाल की शुरूआत दोपहर करीब एक बजे से हुई। मौजपुर से सीलमपुर मेट्रो स्टेशन होते हुए जाफराबाद के रास्ते सड़क के एक ओर प्रदर्शन चल रहा था।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के इस दौरान हाथ में तिरंगा लेकर कई लोग प्रदर्शन कर रहे थे और नागरिकता कानून को तत्काल हटाने की मांग कर रहे थे। इसी बीच डीटीसी की बस पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। पुलिस इन पर नियंत्रण कर पाती, उससे पहले ही चारों ओर से पत्थरबाजी होने लगी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के कई गोले भी दागे हैं।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें तो बीते सोमवार रात भजनपुरा इलाके में भी प्रदर्शन के दौरान छिटपुट हिंसा का मामला सामने आया था जिसमें पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में भी लिया है।
उधर घटना के चलते आसपास के सात मेट्रो स्टेशनों को बंद करना पड़ा। इनमें सीलमपुर, जाफराबाद, वेलकम, मौजपुर-बाबपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एन्क्लेव और शिव विहार मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। साथ ही पूरा इलाका सील होने के कारण कश्मीर गेट से रिंग रोड की ओर रोड डायवर्जन करना पड़ा।