दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट लाइन पर टोकन-स्मार्ट कार्ड से मिलेगा छुटकारा, ये है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीएमआरसी के मुताबिक, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के सभी छह स्टेशनों पर क्यूआर कोड प्रयोग करने की सुविधा शुरू होगी। इन स्टेशनों में द्वारका सेक्टर-21, एयरपोर्ट, दिल्ली एयरोसिटी, धौला कुआं, शिवाजी स्टेडियम और नई दिल्ली शामिल हैं। रविवार से इन सभी स्टेशनों पर यात्री तड़के 4 बजे से अपने स्मार्ट मोबाइल फोन पर डाउनलोड राइडलर एप्लीकेशन के जरिये क्यूआर कोड जनरेट कर सकेंगे।
राइडलर एप्लीकेशन पर यात्री को अपने गंतव्यों के प्रस्थान और आगमन दोनों मेट्रो स्टेशनों के नाम डालने होंगे, उसके बाद टिकट की राशि स्क्रीन पर दिखेगी और फिर यात्री अपना क्यूआर कोड टिकट जनरेट कर सकेंगे। डीएमआरसी का कहना है कि इस एप्लीकेशन पर एक बार में अधिकतम 6 लोगों के टिकट बुक हो सकेंगे। टिकट को खरीदने के लिए यात्रियों को इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड का प्रयोग करना होगा। स्टेशनों पर लगे एएफसी गेट पर क्यूआर कोड दिखाकर यात्रियों का प्रवेश होगा। यात्रा समाप्त करने पर भी क्यूआर कोड एएफसी गेट पर दिखाना होगा, जिसके बाद गेट खुल जाएगा। इस लाइन के सभी मेट्रो स्टेशनों पर दो-दो क्यूआर कोड एएफसी गेट लगाए गए हैं।
12 घंटे के भीतर प्रयोग करना होगा
राइडलर एप्लीकेशन के जरिये तैयार क्यूआर कोड को 12 घंटे के भीतर प्रयोग करना होगा। रात 12 बजे के बाद क्यूआर कोड की अवधि समाप्त हो जाएगी। डीएमआरसी का कहना है कि स्टेशनों पर लगी मेट्रो की टाइमिंग स्क्रीन पर दिखने वाले टाइम से 10 मिनट पहले ही यात्री क्यूआर कोड जनरेट कर सकेंगे। अगर किसी यात्री का पहले से जनरेट क्यूआर कोड प्रयोग नहीं किया गया है, तो यात्री दूसरा क्यूआर कोड जनरेट नहीं कर सकेंगे। प्रयोग में नहीं लाए गए क्यूआर कोड रात 11:59 पर ऑटोमैटिक तरीके से रद्द हो जाएंगे।