1 घर 11 मौत: बुराड़ी में 100 से ज्यादा लोगों से हुई पूछताछ, अब तक मिल चुके हैं 12 रजिस्टर
वहीं टीम उस दुकानदार के पास भी पहुंची, जहां से ललित ने 30 जून को अपना मोबाइन रिचार्ज कराया था। इसके अलावा पड़ोस में स्थित राम मंदिर के पुजारी जगदीश शर्मा से भी पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया गया। घटना वाले दिन भूपी सुबह के समय मंदिर में आया था। मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह कैद हुआ। पुलिस ने वह फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। अपराध शाखा पुलिस अब तक 100 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। ललित में पिता की आत्माएं आने की जानकारी सिर्फ एक-दो पड़ोसियों को थी।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान अब भाटिया परिवार के रिश्तेदारों ने भी स्वीकार कर लिया है कि परिवार अंधविश्वास में घिरा हुआ था। पुलिस की पूछताछ में भाटिया परिवार रिश्तेदार अर्जुन ठकुराल ने बताया है कि उनको परिवार के कुछ लोगों ने पहले कभी बताया था कि ललित के पास उनके पिता की आत्मा आती है। अर्जुन ने यह सुनकर इसको नजर अंदाज कर दिया था। वहीं छानबीन के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि भाटिया परिवार के बच्चों ने पड़ोस के बच्चों को बताया था कि उनके पिता ललित पर दादाजी की आत्मा आती है। यहां तक स्कूल में पढने वाले कुछ बच्चों को भी ध्रुव व शिवम ने दादा की आत्म के आने के बारे में बताया था।
अब तक घर से मिली 12 रजिस्टर, कुछ डायरियां, कॉपी व नोट्स...
दिल्ली पुलिस की जांच में पुलिस को रविवार को भाटिया परिवार के घर में बने छोटे से मंदिर से शुरूआत में दो रजिस्टर बरामद हुए थे। लेकिन छानबीन के दौरान रोजाना ही घर से कुछ न कुछ बरामद हो रहा है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो अब तक घर से कुल 12 रजिस्टर, कुछ डायरियां, कॉपी और नोट्स बरामद हुए है। इन सभी पर भाटिया परिवार ने अपने धार्मिक बातें लिखी हुई हैं।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों की मानें तो सभी में परिवार के तीन लोगों की राइटिंग मौजूद है। अब यह नोट्स कौन-कौन लिखता था, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने हैंडराइटिंग के नामूने के लिए घर से बच्चों की कॉपियां भी कब्जे में ली है। उसके आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धार्मिक नोट्स को कौन-कौन और किसके इशारे पर करता था।