दिल्ली
PICS : Delhi-NCR में दिनभर बरसे बदरा, कहीं लोगों के चेहरे खिले तो कहीं बारिश ले आई मुसीबतें
फरीदाबाद
शुक्रवार को आई बारिश से जहां पूरा शहर जलमग्न हो गया वहीं रामलीला का मजा भी किरकिरा हो गया। शहर में आयोजित रामलीलाओं और दुर्गा पूजा के पंडाल पानी से भर गए हैं। तेज बारिश के बाद कई रामलीला मंच में लगे टेंट टूट गए। कमेटी के कलाकार पूरा दिन बारिश रुकने की प्रार्थना करते रहे। श्री श्रद्धा रामलीला कमेटी के निर्देशक अनिल चावला ने बताया कि बारिश ने सभी कलाकारों के अरमान पर पानी फेर दिया, यदि शाम पांच बजे तक बारिश रुकी तभी रामलीला मंचन किया जाएगा। एनआईटी पांच स्थित श्री धार्मिक लीला कमेटी के निर्देशक हरीश चंद्र आजाद का कहना है कि बारिश में साउंड सिस्टम गड़बड़ा जाता है। और सड़कों पर पानी भरने के कारण दर्शक भी आना पसंद नहीं करते यदि शाम तक बारिश रुकी तभी रामलीला की जाएगी।
गुरुग्राम
साइबर सिटी में शुक्रवार सुबह से लेकर दोपहर तक हुई बारिश से मौसम सुहावना रहा। जिले के कई इलाके में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश की वजह से शाम तक ठंडी हवा चलती रही। बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया। बारिश से लोगों ने राहत महसूस किया। मौसम सुहावना होने की वजह से सुबह सैर करने और खेलने-कूदने वालों के लिए मजा दोगुना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुग्राम शहरी क्षेत्र में 12 मिलीमीटर, सोहना क्षेत्र में 16 मिलीमीटर और मानेसर में 05 मिलीमीटर बारिश हुई।
नोएडा
शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश ने जहां एक ओर शहरवासियों को गर्मी से राहत दी। वहीं, बारिश के बाद जलभराव और जाम ने लोगों की मुसीबतों में बढ़ोत्तरी भी की। जगह - जगह लोग ट्रैक्सी व बसों के लिये परेशान भी रहे। बारिश के बाद बढ़ी मांग के चलते प्राइवेट कैब करने वालों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद जहां उबर ने अपने टैक्सी के रेट बढ़ा दिए, वहीं ओला में लोगों को टैक्सी के कम विकल्प नजर आये।
शुक्रवार की सुबह से हो रही बारिश से जहां किसानों के चेहरे लटके हुए हैं, वहीं शहर में जगह-जगह इतना जलभराव हो गया कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। जलभराव के कारण राजमार्ग सहित कई हिस्सों में जबरदस्त पानी भर गया। बरसात के कारण हुए इस जलभराव ने एक बार फिर नगर परिषद द्वारा नालों व नालियों की सफाई कराने के दावों की पोल खोलकर रख दी।