छतरपुर स्थित शनिधाम मंदिर के संस्थापक दाती महाराज उर्फ मदनलाल के खिलाफ एक तरफ जहां युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। वहीं दूसरी तरफ महाराज के खिलाफ ठगी की शिकायतें भी सामने आई हैं। पीड़ितों को रुपये दोगुने करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया गया है। वहीं, कुछ लोगों से मोटी रकम उधार के तौर पर ले ली गई। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने इन शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुक्रवार शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था। अपराध शाखा के अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि दाती महाराज के खास अभिषेक अग्रवाल के खिलाफ अपराध शाखा की इंटर स्टेट सेल (आईएससी) में ठगी का मामला दर्ज हुआ था। सेल ने उसे गिरफ्तार भी किया था। बाद में अभिषेक को जमानत मिल गई थी।
दाती महाराज पर लगा एक और गंभीर आरोप, जांच में जुटी एसटीएफ, पाली आश्रम का मिला सर्च वारंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वहीं, आईएससी में दाती महाराज, उसके भाई व सहयोगियों के खिलाफ जगमोहन सूरी ने शिकायत दी थी। अब इस शिकायत को अपराध शाखा की दूसरी यूनिट सनलाइट कॉलोनी स्थित एसटीएफ में ट्रांसफर कर दिया गया है। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि दाती महराज व सहयोगियों के खिलाफ दो शिकायतें आ चुकी हैं। दाती महाराज ने लोगों के पैसों को दोगुना कर लौटाने का झांसा दिया था। जब लोगों ने पैसे मांगे तो पाली स्थित अस्पताल को बेच कर लौटाने की बात कही।
9 शिकायतकर्ता आए सामने : सूरी
कृष्णा पार्क एक्सटेंशन निवासी जगमोहन सूरी ने बताया कि अभी तक नौ शिकायतकर्ता सामने आ चुके हैं। शिकायत में उसने कहा है कि वह वर्ष 2014-15 में दाती महाराज के संपर्क में आया। महाराज के कहने पर अभिषेक अग्रवाल को दो करोड़ 50 लाख रुपये दिए। अब तक रकम नहीं लौटाई गई है। उसे 19 लाख रुपये के चेक दिए गए थे जो कि बाउंस हो गए हैं। वहीं, शिकायतकर्ताओं का ये भी आरोप है कि पैसे मांगने पर उन्हें व उनके परिवार को जाने से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस का शिकंजा कसते ही गायब हुआ दाती महाराज
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जैसे ही कार्रवाई तेज की दाती महाराज उर्फ मदनलाल गायब हो गया। कल तक पुलिस को वीडियो भेजकर सहयोग की बात करने वाले महाराज शुक्रवार को कहीं नजर नहीं आए। राजस्थान के पाली स्थित आश्रम के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार सुबह ही महाराज गायब हो गये। किसी को भी नहीं पता कि आखिर वह कहां गए। महाराज का मोबाइल भी बंद है। अमर उजाला संवाददाता ने भी जब फोन किया तो उनका नंबर बंद रहा। वहीं, दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि आरोपी दाती महाराज की जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है।
दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम छतरपुर स्थित शनिधाम में करीब तीन घंटे तक छापेमारी की थी। दरअसल, पुलिस महाराज के खिलाफ सबूत जुटाने पीड़ित युवती को साथ लेकर वहां गई थी। युवती ने धाम में वह दोनों कमरे दिखाए जहां उसके साथ कथित तौर पर दाती महाराज और अन्य सहयोगियों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाने का दावा किया। हालांकि, धाम में ऐसी कोई लड़की या महिला नहीं मिली जिसे बंधक बनाकर रखा गया। छापेमारी में वहां तहखाने की भी तलाश की गई, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं मिला। दरअसल, पीड़ित युवती ने आरोप लगाया था कि वहां कुछ और लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है। उनके साथ गलत काम किया जाता है।