करीब 10 दिन से लापता चल रहे हरियाणा के नूंह के नामी गिरामी डॉ. विनोद गोयल हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश हो गया। खुलासे में सामने आया कि डॉ. विनोद गोयल का हत्यारा उसका परममित्र दीपक राजस्थानी ही निकला, जिसने अपने बर्तन फैक्टरी कर्मचारी अशोक के साथ मिलकर कपड़े से गला घोंटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया।
2 of 5
शहर के सभी बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं
- फोटो : अमर उजाला
विश्वासघात का काला अध्याय
हत्या का कारण दोनों मित्रों के बीच पैसों का लेन-देन था। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को हरिद्वार में बहते पानी में फेंक दिया। घटना का खुलासा शव फेंकने के दौरान उनके साथ गए गाड़ी चालक ने पुलिस के समक्ष पहुंचकर कर दिया। जिसको वे बिना कुछ बताए अपने साथ ले गए थे। चालक को घटनाक्रम को लेकर कुछ संदेह हुआ तो पुलिस के सामने उसने वारदात बता दी और सारा मामला दूध का दूध पानी का पानी हो गया। घटना को लेकर पूरे शहर में भारी रोष व्याप्त है, शोकस्वरूप आज शहर के सभी बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। लोग विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि डॉक्टर का करीबी दोस्त ही उनका हत्यारा निकलेगा। मेडिकल और सामाजिक वर्गों में इस वारदात को विश्वासघात का काला अध्याय बताया जा रहा है।
3 of 5
पत्रकारवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते पुन्हाना डीएसपी जितेंद्र राणा
- फोटो : अमर उजाला
कार में घोंटा गला, फैक्टरी में छिपाई लाश
डीएसपी जितेन्द्र राणा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि रोजाना की भांति 28 अगस्त को दीपक, उसका कर्मचारी अशोक व डॉ. विनोद गोयल तीनों उसकी कार में बैठकर शहर में घूमे। उसके बाद देर रात दीपक और अशोक ने गले में कपड़ा बांधकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने मिलकर शव को घीडा मोड़ स्थित अपनी बर्तन फैक्टरी में कंबल में लपेटकर छिपा दिया। अगले दिन दोनों आरोपियों ने शव को कार में डालकर करीब 300 किलोमीटर दूर हरिद्वार की ओर रुख किया और चालक मुस्तकीम को कुछ भी बिना बताए हरिद्वार ले गए और हरिद्वार पहुंचकर चालक मुस्तकीम को रास्ते में उतारकर एक पुल से शव को पानी में बहा दिया।
4 of 5
डॉ. विनोद गोयल की बंद पड़ी क्लीनिक
- फोटो : अमर उजाला
मुस्तकीम ने फोड़ दिया भांडा
मुस्तकीम ने पुलिस को बताया कि जिस दिन दीपक और अशोक कार लेकर हरिद्वार गए, उस दौरान वे बार-बार गाड़ी में खुशबूदार स्प्रे कर रहे थे। हरिद्वार पहुंचने से कुछ दूर पहले उन्होंने उसे कार से उतार दिया और वापसी में उसे अपने साथ ले आए। इन हरकतों से मुस्तकीम को संदेह हुआ। वह कई दिनों तक बेचैन रहा और आखिरकार पुलिस के सामने पेश होकर पूरी सच्चाई बयान कर दी। पुलिस ने सारी घटना का राज खोलने वाले चालक मुस्तकीम को सरकारी गवाह बनाया है। चालक मुस्तकीम की वजह से ही लापता समझे जा रहे डॉक्टर विनोद गोयल की हत्या की गुत्थी सुलझ गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक राजस्थानी को हिरासत में ले लिया है। उसके कर्मचारी अशोक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घटना स्थल और फैक्टरी से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
5 of 5
आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर सिटी थाना में जमा शहर के लोगो की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
किसी को बख्शा नहीं जाएगा
डीएसपी जितेन्द्र राणा ने बताया कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है, सारे मामले को शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार व सीआईए प्रभारी संदीप मोर पूरी गहनता से कार्यवाही कर रहे हैं। डीएसपी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र की कड़ियां सबके सामने रखी जाएंगी। किसी भी सूरत में इस मामले में संलिप्त आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।