ग्रेटर नोएडा सेक्टर-144 स्थित पैरामाउंट फ्लोरविले सोसायटी में मंगलवार रात एक निजी कंपनी के एवीपी (असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट) ने पंख से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से मिले पत्नी के नाम सुसाइड नोट में उन्होंने अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को झूठा बताया है। सुसाइड नोट में ऐसी बातें लिखीं हैं जिसे पढ़कर कोई भी भावुक हो जाए....
स्वरूप राज सुसाइड केसः सामने आया सुसाइड नोट, पत्नी को बताया क्यों किया मरने का फैसला
पुलिस के अनुसार, मूलत: गुरुग्राम निवासी स्वरूप राज जेनपैक्ट कंपनी में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट थे। उन पर कंपनी की दो महिला कर्मचारियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मंगलवार को कंपनी के एचआर की तरफ से उन्हें एक पत्र जारी किया गया, जिसमें लिखा था कि जांच पूरी होने तक आपको निलंबित किया जाता है। इससे वह तनाव में आ गए और घर जाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 12 बजे निजी कंपनी में काम करने वाली उनकी पत्नी घर पहुंची तो पति को फंदे से लटकता देख पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को मौके से पत्नी के नाम लिखा एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें अंग्रेजी में दस लाइन लिखी हैं, ‘आज मैं दुनिया छोड़ना चाहता हूं। आपको बताना चाहता हूं कि मैं आपसे कितना प्यार करता हूं। मुझ पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे हैं, मैं निर्दोष हूं मुझ पर विश्वास करो। जांच में निर्दोष साबित हुआ तो भी लोग मुझे शक की निगाह से देखेंगे।’
पत्नी का रो-रो बुरा हाल
स्वरूप राज की मौत के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। उनकी पत्नी कृति ने बताया कि वह काम से लौटीं तो दरवाजा आसानी से नहीं खुल रहा था। बहुत मुश्किल से अंदर घुसी तो जो नजारा देखा उसे देख पैरों तले जमीन खिसक गई। कृति ने देखा कि उसका पति स्वरूप पंखे से लटका हुआ था। उसने कहा कि आज लड़कियां किसी पर भी आरोप लगाने के लिए मुक्त हैं इसीलिए लोग लड़कियों को नौकरी पर रखने से कतराने लगे हैं।