एयरफोर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम में स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस की गरज और खूबियों ने लोगों को रोमांच से भर दिया। तेजस ने आसमान में करीब 10 मिनट तक हैरतअंगेज करतब दिखाए। तेजस की कमान संभाले ग्रुप कैप्टन मनीष थलानी ने आसमान में कई करतब कर फाइटर जेट की क्षमताओं का प्रदर्शन किया। कम रेडियस में घूमने और शेर की तरह दहाड़ने की तेजस की कला ने सभी को अपना कायल बना दिया।
लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस को 20 हजार फीट की ऊंचाई पर आसमान में ईंधन भरने की महारथ हासिल है। तेजस की बदौलत ही भारत आसमान में ईधन भरने के देशों के विशिष्ट समूह का हिस्सा है। मंगलवार को हिंडन एयर फोर्स स्टेशन पर एयरफोर्स डे परेड के बाद हुए एयर शो में करीब 10 बजे तेजस ने प्रवेश किया। तेजस ने एयर शो में मंच के सामने से इनिशियल वर्टिकल टेकऑफ से शुरुआत की।
फिर आसमान में लूप वर्टिकल फॉरमेशन, स्पिन, स्लो मोशन के साथ अन्य फॉरमेशन ने सबका दिल जीत लिया। वहीं वर्टिकल लूप के जरिए सिंबल बनाकर सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
तेजस की खूबियां
स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस ने दुबई और बहरीन में हुए अंतरराष्ट्रीय एयर शो में दमखम दिखाया था। मल्टी रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट फाइटर जेट अपने में कई खूबियों को समाए हुए हैं। तेजस एयरक्राफ्ट की सर्वाधिक स्पीड 1.6 मैक है। 2000 किमी की रेंज को कवर करने वाले तेजस का अधिकतम थ्रस्ट 9163 केजीएफ है। इसके अन्य फीचर में ग्लास कॉकपिट, हैलमेट माउंटेड डिस्प्ले, मल्टी मोड रडार, काम्पोसिट स्ट्रक्चर और फ्लाई बाई वायर डिजिटल सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर हैं। इस जेट पर दो आर-73 एयर-टू-एयर मिसाइल, दो 1000 एलबीएस क्षमता के बॉम्ब, एक लेजर डेजिगनेशन पोड और दो ड्रॉप टैंक्स हैं।
एयर शो व फाइटर जेट्स के साथ ली सेल्फी
आधुनिक लड़ाकू और अन्य विमानों के आसमान में हैरतअंगेज प्रदर्शन ने लोगों का दिल जीत लिया। एयर शो के साथ उसके बाद वायुसेना की प्रदर्शनी में लगे लड़ाकू हेलीकॉप्टर अपाचे, टोही हेलीकॉप्टर चिनूक, स्वदेशी तेजस, सुखोई-30, मिराज, मिग-21 बाइसन सहित अन्य लड़ाकू विमानों व हेलीकॉप्टर के साथ फोटो खिंचाने और सेल्फी लेने का लोगों में क्रेज दिखा। परिवार संग एयरफोर्स डे पर पहुंचे लोग फोटो खींचते नजर आए।