ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी विमल कुमार शर्मा(आईएएस) और उनकी पत्नी मेरठ में तैनात आरटीओ ममता शर्मा के सेक्टर- 50 स्थित आवास समेत उनसे जुड़े सभी ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह एक साथ छापेमारी की।
(सभी फोटो: राजन राय।)
इस दौरान विमल कुमार के माथे पर जरा सी भी शिकन नहीं दिखी। वे हंसते हुए आयकर अधिकारी के साथ गाड़ी में बैठे और पूछताछ के लिए आयकर दफ्तर गए।
टीम ने उनके आवास से बड़ी मात्रा में नई और पुरानी करेंसी व कीमती गहने और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। ममता शर्मा नोएडा में एआरटीओ भी रह चुकी हैं। इसके अलावा विमल कुमार शर्मा नोएडा में सिटी मजिस्ट्रेट, ग्रेनो प्राधिकरण में डीसीईओ व गाजियाबाद के डीएम भी रह चुके हैं।
सेक्टर- 50 के डी- 166/45 नंबर कोठी में टीम सुबह करीब 7.25 बजे ही पहुंच गई। उस समय पति-पत्नी घर पर नहीं थे। सूचना मिलने के बाद पति-पत्नी सुबह करीब 9.30 बजे घर पहुंचे।
आयकर अधिकारी अनुराग दुबे और बीनू शर्मा समेत करीब 15 अधिकारी और आयकर इंस्पेक्टर छापेमारी अभियान में शामिल रहे। वहीं, सेक्टर-62 के स्टैलर अपार्टमेंट में भी टीम ने छापा मारा।