दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही हो रही तेज बारिश ने जहां लोगों को उमस से निजात दिलायी वहीं पूरे शहर में जगह-जगह जलजमाव हो गया है।भारतीय मौसम विभाग ने आज पूरे दिन ही हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। बारिश के कारण सड़कों पर जो जलजमाव हुआ है उसकी वजह से जगह-जगह जाम लग गया है।
कई घंटों से हो रही बारिश इतनी तेज थी कि कई जगहों पर तो घुटनों तक पानी लग गया है। बारिश की वजह से आईटीओ पर लंबा जाम लग गया है। वहीं केंद्रीय सचिवालय जैसे इलाके में भी पानी भर गया है।
दिल्ली में बारिश के चलते रिंग रोड पर भी पानी भर गया, जिसके बाद वहां स्थित हनुमान मंदिर के पास एक क्लस्टर बस फंस गई। उस बस में 30 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची।
उसने जनरेटर लगाकर वहां से पानी निकालने के साथ ही बस के यात्रियों को निकालने का भी काम जारी रहा। सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाल लिया गया है।
बीते दिनों बारिश से गुरुग्राम बन गया था 'गुरुजाम', 145 एमएम हुई बारिश
गुरुग्राम में सोमवार रात करीब तीन बजे से पांच घंटे तक लगातार चली बारिश से शहर जलमग्न हो गया। पांच घंटे में 132 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि मंगलवार को दिन भर मेें यह आंकड़ा 145 मिमी. तक पहुंच गया।