नोएडा के बहुचर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड का कनेक्शन गाजियाबाद से जुड़ गया है। हत्या के नौ दिन बाद गौरव चंदेल की कार को मंगलवार रात हत्यारे मसूरी थानाक्षेत्र के आकाश नगर में खड़ी करके भाग गए। सूचना पर मसूरी पुलिस पहुंच गई। रातभर निगरानी के बाद बुधवार सुबह पार्किंग स्टीकर पर लिखे नंबर से पड़ताल की तो पुलिस में हड़कंप मच गया।
एसएसपी, एसपी देहात के अलावा नोएडा पुलिस ने मौके पर पड़ताल की। डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक जांच के बाद नोएडा पुलिस कार अपने साथ ले गई। गौर करने वाली बात यह है कि नोएडा में घटनास्थल से पांच थाने व नौ नाके पारकर हत्यारे कार खड़ी कर गए और पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी।
गौरतलब है कि मूलरूप से कानपुर निवासी गौरव चंदेल गुरुग्राम की सर्जिकल इक्विपमेंट कंपनी के रीजनल मैनेजर थे। वह गौर सिटी के पांचवें एवेन्यू में पत्नी, बेटा और मां के साथ रहते थे। छह जनवरी की रात 10.22 बजे पत्नी ने उन्हें फोन किया तो गौरव ने खुद को पर्थला चौक के पास बताते हुए पांच मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। सुबह सवा चार बजे हरनंदी के पास स्थित स्टेडियम के किनारे सर्विस रोड पर उनका शव मिला था। सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी।
4 of 8
रोती-बिलखती गौरव की पत्नी प्रीति
- फोटो : अमर उजाला
बदमाश उनकी सेल्टोस कार, दो मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान लूट ले गए थे। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस के अलावा यूपी एसटीएफ को भी लगाया गया था। नोएडा पुलिस खुलासे के लिए हाथ-पांव पीट ही रही थी कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे गाजियाबाद पुलिस ने गौरव चंदेल की कार मसूरी क्षेत्र के आकाश नगर में खड़ी होने की बात कही।
5 of 8
घटनास्थल पर धब्बों को चाटते कुत्ते
- फोटो : अमर उजाला
टोल से नहीं गुजरी कार, तिगरी गोल चक्कर से आई
कार पर फास्टैग भी लगा है। उसका रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि कार किसी टोल से नहीं गुजरी है। अंदेशा है कि नोएडा से तिगरी गोल चक्कर होते हुए एनएच-9 के रास्ते कार मसूरी क्षेत्र में लायी गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी सभी रूट खंगाले जा रहे हैं।