फरीदाबादः सीसीटीवी में खुला युवती की निर्मम हत्या का राज, अर्धनग्न हालत में मिला था शव
युवती के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं और भाई एक निजी स्कूल की 12वीं कक्षा में पढ़ता है। घटना के समय तीनों स्कूल गए हुए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो सुबह नौ बजे एक युवक घर में दाखिल होता दिख रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक दोपहर दो बजे जब उसका भाई स्कूल से वापस लौटा तो देखा कि घर में अंदर के कमरे में बहन का शव खून से लथपथ पड़ा था। भाई के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी आ गए। उसने उन्हें सारी बात बताई तो पड़ोसियों ने घटना की सूचना युवती के माता-पिता को दी।
सूचना मिलने पर सेक्टर-सात थाना पुलिस, एसीपी बल्लभगढ़ जयवीर राठी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सेक्टर-तीन चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र कुमार ने बताया कि युवती के शरीर पर जगह-जगह कट के निशान हैं। आशंका है कि हत्यारे ने पहले युवती के सिर में चोट मारी और फिर उसके बाद बहुत ही निर्ममता से पूरे शरीर पर किसी तेजधार हथियार से जगह-जगह काट रखा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी में दिखा बैग लिया युवक
युवती की हत्या के मामले में जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसमें सुबह करीब 9 बजे एक युवक घर में दाखिल होता दिखाई दे रहा है। युवक की पीठ पर काले रंग का बैग है और हाथ में कोई किताब है। युवक कौन है, अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए पुलिस युवती के साथ पढ़ने वाले छात्रों की पड़ताल करेगी। पुलिस के अनुसार युवक की मृतका के साथ जान पहचान थी, इसलिए वह आराम से घर में दाखिल हुआ और दोपहर करीब पौने दो बजे तक वहीं रहा। हत्यारोपी को इसकी जानकारी थी कि करीब दो बजे युवती का भाई स्कूल से वापस आता है। इस दौरान घर में काम के लिए घरेलू सहायिका भी आई, मगर गेट न खुलने पर वह वापस लौट गई।
पुलिस को गुमराह करने का प्रयास
हत्या की वारदात को लूट और फिर हत्या के रूप में दर्शाने के लिए शातिर दिमाग हत्यारे ने घर में अलमारियों में रखा सामान फैला दिया था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक बारगी लूट के इरादे से वारदात मानी, मगर जब सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी तो सारा माजरा समझ आ गया।