बसपा के पूर्व सांसद के बेटे आशीष पांडे को दिल्ली के होटल हयात रीजेंसी में दबंगई करने से रोकने वाला साहिल उसका दोस्त है। साहिल की एक दिन पहले शुक्रवार को ही आशीष पांडेय से दोस्ती हुई थी। मंगलवार को दिल्ली पुलिस की तफ्तीश में शामिल हुए साहिल ने बताया कि आशीष एक ग्रुप पार्टी में आया था। खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो आशीष की बीएमडब्ल्यू में बैठी एक युवती ने बनाई है। आरोपी के पास लाइसेंसी पिस्टल है।
होटल में गुंडई का मामला: साहिल की आरोपी से 1 दिन पहले हुई थी दोस्ती, जांच में चौंकाने वाला खुलासा
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्य ने बताया कि साहिल पेशे से व्यवसायी है। उसी ने होटल में पार्टी रखी थी। पार्टी में साहिल अपनी पत्नी और बेटे के साथ आया था, जबकि आशीष अपनी महिला दोस्तों के साथ पहुंचा था। सभी ने होटल के बार में शराब पी। नशे में आशीष महिला टॉयलेट में घुस गया था, विरोध करने पर उसका युवती से झगड़ा हो गया और पिस्तौल निकालकर धमकाने लगा।
डीसीपी ने बताया कि मंगलवार शाम तक पीड़ित युवती और युवक से संपर्क नहीं हो पाया। शुरुआती जांच में पता चला कि आशीष के पास पिस्टल का लाइसेंस है। हालांकि, यह पता नहीं चला कि वीडियो में जिस पिस्टल को वह दिखा रहा है उसका लाइसेंस है या नहीं। आरकेपुरम थानाध्यक्ष केपी कुकरेती की देखरेख में एक टीम लखनऊ गई थी। अन्य टीमें दिल्ली व एनसीआर में दबिश दे रही हैं। पुलिस जांच कर रही है कि आशीष के साथ गईं युवतियां कौन थीं।
साहिल ने की आशीष की पहचान
डीसीपी देवेंद्र आर्य ने बताया कि वीडियो देखकर साहिल ने भी आशीष की पहचान की है। वीडियो में दिख रहे अन्य युवक व युवतियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
होटल प्रशासन ने दी सफाई
हयात रीजेंसी होटल प्रशासन ने सफाई दी कि मेहमानों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। घटना को लेकर होटल स्थानीय थाना के संपर्क में है। इस मामले में स्थानीय थाना पुलिस का पूरा सहयोग किया जाएगा।
युवक पिस्टल लेकर होटल के अंदर लेकर कैसे घुसा?
होटल सिक्योरिटी ने पुलिस को घटना की सूचना क्यों नहीं दी?
होटल का सिक्योरिटी स्टाफ बचाव करने क्यों नहीं आया?
होटल प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले स्टाफ पर कार्रवाई क्यों नहीं की?
वीडियो में दिख रहा है कि आऱोपी युवक, युवती को धमका रहा है, जबकि होटल स्टाफ दूर खड़ा तमाशा देख रहा था