दाती महाराज दुष्कर्म मामले में अब आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। जहां एक ओर दाती महाराज ने नवीन गुप्ता व सचिन जैन पर जमकर आरोप लगाए। वहीं, पहली बार नवीन और सचिन जैन भी खुलकर सामने आए। दोनों ने महाराज पर हवाला कारोबार, हथियारों की बिक्री के साथ साथ बच्चियों को गायब करने जैसे गंभीर आरोप लगा डाले। इतना ही दोनों ने जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि दाती ने हमारी भावनाओं के साथ बलात्कार किया है पूरे मामले की जांच जरूरी है।
दाती महाराज पर सहयोगियों ने ही लगाए गंभीर आरोप, कहा- आश्रम से दर्जनों बच्चियां गायब
नवीन और सचिन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनका दाती महाराज से कोई व्यवसायिक विवाद नहीं है। वह अपने ऊपर लगे दुष्कर्म के आरोप से ध्यान भटकाने के मकसद से उन पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं। दाती महाराज ने उन्हें बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वह उन्हें भगवान की तरह पूजते थे। लेकिन आश्रम में असामाजिक गतिविधियों पर विरोध जताने पर विवाद पैदा हो गया। दोनों ने कहा कि दुष्कर्म पीड़ित युवती ने जो शपथपत्र दिया है वह फर्जी है। दरअसल, दाती आश्रम में उनसे जुड़े हर व्यक्ति से सादे शपथपत्र पर अंगूठा लगवाने के अलावा हस्ताक्षर करवाता है। उनके द्वारा लिख गए कई शपथ पत्र दाती के पास हैं। वह उनका गलत इस्तेमाल कर सकता है।
भावुक हुए सचिन व नवीन
अपना पक्ष रखते समय दोनों भावुक हो उठे। अपने आंसू पोंछते हुए दाती को बाउंसरों से धमकाने के आरोप को दोनों ने गलत बताया। उन्होंने कहा कि हमने दाती को दिया ही है उससे कुछ लिया नहीं। नवीन ने बताया कि वह वर्ष 2001 से दाती के साथ जुड़े हैं। वह उनकी व्यवसायिक गतिविधियों को देखते हैं। हमने अभिषेक के जरिये पैसे लगाए। बाद में पता चला कि पूरे पैसे दाती ने रख लिये।
एक कंपनी को तेल बेचता है दाती
नवीन ने बताया कि 22 जनवरी को राजस्थान में दाती ने धमकी दी कि ‘जिस प्रकार यहां का प्रशासन उनके आगे झुकता है। ठीक ऐसा ही दिल्ली में भी है। ऐसे में कुछ बोले तो बर्बाद कर दूंगा’। उन्होंने कहा शनि पर चढ़ाया हुआ तेल दाती लारेंस रोड़ की एक कंपनी को बेचता है। फिर वहीं तेल वापस शनिधाम पहुंच जाता है। उन्होंने कहा दाती से एक करोड़ रुपये से ज्यादा लेने है।
बच्चियों का पता नहीं
वहीं, सचिन ने आरोप लगाया कि महा निर्माणी अखाडे़ की महा मंडलेश्वर प्रज्ञा से मिलकर दाती ने बच्चियों को पीले कपड़े पहनवाएं। लेकिन आज उन बच्चियों का कहीं पता नहीं। बाल कल्याण विभाग को इसकी जांच करनी चाहिए।
तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी
सचिन ने बताया कि दाती उन्हें हमेशा जगत पहलवान नामक एक नेता की धमकियां देकर डराता रहा है। हालांकि उनकी जानकारी में जगत पहलवान शरीफ आदमी है और उनकी ओर से कभी धमकी नहीं मिली। उन्होंने कहा दाती तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठग रहा है। कई श्रद्धालुओं के तलाक, उनकी पत्नी के गर्भपात करवा चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई संत ऐसा कर सकता है।
दाती से जान को खतरा
संवाददाता सम्मेलन में नवीन ने कहा दाती की बहन का उनके चैनल में 60 प्रतिशत शेयर है। बहन के पास पैसे कहां से आएं। यह सब पैसे श्रद्धालुओं से ठगे गए है। मुझे भी दाती से 75 लाख रुपये लेने है। उन्होंने कहा हम पहली बार खुलकर सामने आ रहे हैं। दाती से उनको व परिवार को जान का खतरा है यदि हमें कुछ होता है तो दाती जिम्मेदार होगा।