वैवाहिक साइट पर तलाकशुदा महिलाओं को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले एक नटवर लाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को नामी कार कंपनी का मैनेजर बताकर महिलाओं को शिकार बनाता है। उसने ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी निवासी महिला से 1.5 लाख और नोएडा की महिला से 2 लाख की ठगी की है। इसके अलावा आरोपी लगभग 10 महिलाओं से लगभग 50 लाख की ठगी कर यौन शोषण भी कर चुका है।
तलाकशुदा महिलाओं को वेबसाइट के जरिए फंसाकर ठगता था फर्जी मैनेजर, ऐसे पकड़ा गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिलाओं को करता था इमोशनल ब्लैकमेल
आरोपी तलाकशुदा महिलाओं से संपर्क कर उन्हें इमोशनल ब्लैकमेल करता था। उनसे मिलने की जिद करता। पहली ही मुलाकात में प्यार का इजहार कर उन्हें सोने की अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज करता। पीड़िता के सहमत होने या फिर दोस्ती करने पर आरोपी उसे खुद के बेहद अमीर होने का ढोंग रचता। फिर अचानक पिता के बीमार होने व उनका विदेश में इलाज में लाखों रुपये खर्च होने का झांसा देकर रुपये ऐंठता था।
बंगलूरू में महिला दर्ज करा चुकी है 19 लाख की ठगी का केस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी मैनेजर हिमशिखर के खिलाफ एक महिला ने दो साल पहले बंगलूरू में भी केस दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि आरोपी ने उससे 19 लाख रुपये ठगे। महिला ने रुपये देने के लिए बैंक से ऋण लिया था। आरोपी नौकरी पेशा महिलाओं को शिकार बनाता था। इसके अलावा आरोपी आगरा की एक महिला को भी जाल में फंसाकर बैंक से ऋण लेने का दबाव बना रहा था।
पीड़ित महिलाओं ने एकजुट होकर आरोपी को पकड़वाया
नोएडा निवासी एक महिला को आरोपी ने जाल में फंसाकर दो लाख रुपये ठगे थे। लगभग डेढ़ साल तक पीड़िता के संपर्क में रहने के बाद आरोपी ने उससे संपर्क तोड़ लिया। पीड़िता ने आरोपी के फेसबुक पर उसके पोस्ट को लाइक और कमेंट करने वाले लोगों से संपर्क किया। इससे पीड़िता को पता चला कि उसने कई अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाकर धोखा दिया है। पीड़िता ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर अन्य पीड़ित महिलाओं को जोड़ लिया। इसके बाद आरोपी व उसके साथ अपने फोटो शेयर कर आरोपी की असलियत एक दूसरे के सामने लाने में जुट गईं। इसी बीच पीड़िताओं को पता चला कि आरोपी ग्रेनो की एक महिला के संपर्क में है। महिलाओं ने उस महिला से संपर्क कर आरोपी की असलियत बताई। इसके बाद पीड़िताओं ने एसपी देहात सुनीति से मिलकर मदद मांगी। एसपी देहात की सलाह पर पीड़िताओं ने संपर्क वाली महिला से कहकर उसे ग्रेटर नोएडा बुलाकर गिरफ्तार करा दिया।