वसंत कुंज में पुलिस की वर्दी पहने एक बदमाश ने आगरा के कारोबारी के चालक से बीएमडब्ल्यू कार लूट ली। चालक ने पुलिस को शिकायत की। छानबीन करने के पांच घंटे बाद ही पुलिस ने कार को गुरुग्राम के खेड़कीदौला टोल प्लाजा से बरामद कर लिया। पुलिस ने कार लूटने के आरोप में नेवी से रिटायर्ड अधिकारी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान भुडजाट, महेंद्रगढ़ (हरियाणा) निवासी भारत सिंह (49) के रूप में हुई है। उसके पास से दिल्ली पुलिस के सबइंस्पेक्टर की वर्दी बरामद की गई है। बताया जाता है कि कार की कीमत 80 लाख रुपये है।
पुलिस की वर्दी में कारोबारी की बीएमडब्ल्यू इस तरह लूटी...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि मंगलवार करीब 12 बजे पुलिस को महिपालपुर में होटल रेडिसन के पास से बीएमडब्ल्यू एक्स-5 कार लूटे जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां आगरा निवासी कार चालक खेमचंद (45) मिला। उसने बताया कि मंगलवार को वह अपने मालिक चेतन गुप्ता (गुप्ता एचसी ओवरसीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मालिक) को एयरपोर्ट छोड़ने आया था। उनको छोड़ने के बाद जैसे ही वह रेडिसन होटल के सामने एनएच-8 पर पहुंचा, तो पुलिस की वर्दी पहने एक शख्स ने रुकने को कहा। आरोपी ने कुछ दूर लिफ्ट देने की बात कही। खेमचंद ने उसे कार में बिठा लिया। कार में बैठते ही आरोपी ने बहाने से उसका मोबाइल फोन लिया और चाकू दिखाकर कार लूट ली।
वारदात के बाद बदमाश कार व चालक का मोबाइल लेकर गुरुग्राम की ओर फरार हो गया। खबर मिलते ही पुलिस की टीम गुरुग्राम की ओर रवाना कर दी गई। पांच घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम के खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास से कार समेत दबोच लिया। आरोपी क्रेन पर कार चढ़वा रहा था। आरोपी ने बताया कि कार गुरुग्राम पहुंचने पर बंद हो गई थी। ऐसे में उसने ढाई हजार रुपये में क्रेन मंगाई और कार को सुरक्षित जगह ले जाकर खड़ा करना चाह रहा था।
डेढ़ हजार रुपये में खरीदी पुलिस की वर्दी
आरोपी भारत सिंह ने बताया कि वह 2001 में इंडियन नेवी से अधिकारी पद से रिटायर्ड है। फिलहाल वह परिवार के साथ अपने गांव में ही रहता है। कुछ दिनों से उसके मन में कुछ करने की इच्छा जाग रही थी। एक माह पहले दिल्ली के किंग्जवे कैंप से डेढ़ हजार रुपये में पुलिस की वर्दी, जूते व अन्य सामान खरीदा। दो दिन पहले ही उसने कार लूट की साजिश रची। घटना के बाद वह कार को मोटी कीमत पर बेचना चाह रहा था।
मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया आरोपी
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने खेमचंद का मोबाइल लेने के बाद उसे चाकू दिखाकर कहा कि चाकू पर जहर लगा है। उसके बैग में बम है। खेमचंद का मोबाइल व कार लेकर आरोपी फरार हो गया। आरोपी ने खेमचंद का मोबाइल फोन बंद नहीं किया। पुलिस उसी की लोकेशन के आधार पर बदमाश का पता लगाते हुए पांच घंटे में उसके पास पहुंच गई।