दिल्ली की युवती से दोस्ती होने पर फरीदाबाद के थाना सारन क्षेत्र निवासी युवक ने उसे अपने घर बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और फिर उससे दुष्कर्म किया।परिजनों के घर लौटने का समय होने पर युवक उसे मेट्रो स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया। अर्द्ध बेहोशी की हालत में युवती ने एक यात्री का मोबाइल लेकर अपने घर फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी।
युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।जानकारी के अनुसार दिल्ली की रहने वाली 18 वर्षीय युवती की करीब एक साल पहले पारिवारिक समारोह में बृजेश नामक युवक से मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और दोनों में फोन पर बातचीत होने लगी।
पीड़ित युवती के अनुसार मंगलवार को बृजेश के परिवार वाले कहीं बाहर गए हुए थे। बृजेश ने उसे फोन कर मिलने के लिए अपने घर बुलाया। वह मेट्रो में सवार वाईएमसीए मुजेसर मेट्रो स्टेशन पहुंची। वहां बृजेश मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। वह उसे लेकर अपने घर आ गया। युवती का आरोप है कि बृजेश ने घर में उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दी, जिसे पीने के बाद उसे होश नहीं रहा। इस दौरान बृजेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब बृजेश के परिजनों के आने का समय हुआ तो वह उसे अर्द्ध बेहोशी की हालत में मेट्रो स्टेशन छोड़कर फरार हो गया।
तबियत ठीक नहीं होने पर युवती काफी देर तक मेट्रो स्टेशन पर ही बैठी रही। इसके बाद उसने एक यात्री का फोन लेकर अपने घर फोन कर सारी बात बताई। परिवार के लोग यहां पहुंचे तो उसकी स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर बृजेश को गिरफ्तार कर लिया है। एनआईटी महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि बृजेश को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।