बल्लभगढ़ के तहसील में कार पार्किंग के 20 रुपये बचाने के चक्कर में एक युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। एनआईटी-5 एफ ब्लॉक निवासी पवनदीप सिंह ने बल्लभगढ़ तहसील में पार्किंग का ठेका लिया हुआ है।
पार्किंंग के 20 रुपये बचाने के लालच में जनाब पहुंच गए हवालात
मंगलवार शाम को करीब 4.30 बजे एक युवक कार लेकर तहसील पहुंचा। ठेकेदार पवनदीप सिंह ने कार सवार से पार्किंग की पर्ची लेने के लिए कहा तो उस युवक ने कहा पुलिस स्टॉफ है, क्राइम ब्रांच से।इसको लेकर ठेकेदार और युवक के बीच बहसबाजी होने लगी।
इसी दौरान एसीपी अमन यादव भी वहां पहुंच गए। उनका कार्यालय भी तहसील परिसर में है। एसीपी को देखकर ठेकेदार ने उन्हें रोक लिया और सारी बात बताई। एसीपी के पूछने पर भी युवक ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच से बताया।
एसीपी ने उस युवक को अपना पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वह यहां वहां की बातें करने लगा। एसीपी ने थोड़ी सख्ती दिखाई तो युवक उनसे माफी मांगने लगा।इस पर एसीपी ने थाना शहर बल्लभगढ़ से पुलिस को बुला, युवक को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई राम अवतार ने बताया कि फर्जीवाड़ा पकड़े जाने पर एसीपी ने शहर बललभगढ़ थाने से पुलिस को बुलाकर युवक को उनके हवाले कर दिया।पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम गांव पन्हैड़ा खुर्द निवासी दीपेश गौड़ बताया। पुलिस ने बुधवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।