दिल्ली पुलिस की सख्ती का असर गुरुग्राम के खेड़कीदौला टोल पर भी देखने को मिला। गुरुग्राम पुलिस ने मानेसर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को वापस मोडना शुरू कर दिया। इससे खेड़कीदौला टोल पर लगा जाम भी समाप्त हो गया। वहीं, एक्सप्रेसवे सहित शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर लगे जाम का फायदा कैब व ऑटो चालकों ने उठाया। चालकों ने किराए में दोगुना तक बढ़ोतरी कर दी। इस कारण लोगों ने मेट्रो का रुख कर लिया जिससे मेट्रो में यात्रियों की एकाएक भीड़ बढ़ गई।
नागरिकता कानूनः भीषण जाम के कारण ऑटो-कैब चालकों की जेब हो रही मालामाल, बसों का हुआ नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुबह के वक्त खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर फास्टैग की रिजर्व लेन के कारण जाम लगा हुआ था। वाहनों की कतार रामपुरा फ्लाईओवर तक पहुंच गई थी। सुबह 9 बजे से यह लाइन और लंबी होने लगी थी कि गुरुग्राम पुलिस को सरहोल बॉर्डर पर जाम लगने की सूचना प्राप्त हुई। दिल्ली का यह जाम गुरुग्राम में करीब 8 किलोमीटर तक अंदर पहुंच चुका है। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट करना शुरू कर दिया। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बॉर्डर पर जाम लगे होने की सूचना देते हुए वापस भेजना शुरू कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने पचगांव से ही ट्रैफिक को कुंडली व पलवल की तरफ मोडना शुरू कर दिया। इसके साथ ही अनेक वाहन चालकों ने मानेसर से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर रुख कर लिया ताकि जाम को गुरुजाम में तब्दील होने से बचाया जा सके। अनेक वाहन चालक द्वारका एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली की ओर गए। खेड़कीदौला टोल पार कर चुके वाहन चालकों को एसपीआर के रास्ते फरीदाबाद रोड पर भेजा गया जहां से वह ग्वाल पहाड़ी व मांगर के रास्ते दिल्ली में प्रवेश कर गए।
ऑटो व कैब चालकों ने बढ़ाया किराया
एक्सप्रेसवे जाम होने का फायदा शहर में ऑटो चालकों व कैब चालकों ने उठाया। जाम में फंसी गुरुगमन, रोडवेज, व सिटी बस के कारण लोगों को सार्वजनिक परिवहन का सहारा नहीं मिल पाया। इसका फायदा ऑटो व कैब चालकों ने उठाया और मनमाने दाम वसूलने शुरू कर दिए। बुकिंग करवाने के बाद मौके पर पहुंचे कैब चालकों ने मीटर को बंद कर मनमाने दाम की मांग की। इससे परेशान होकर लोगों ने मेट्रो का रुख कर लिया। एकाएक यात्रियों की भीड़ मेट्रो स्टेशन की ओर बढने लगी। हुडा सिटी सेंटर, एमजी रोड, सिकंदरपुर तथा द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
बसों के ट्रिप हुए कम
जाम का असर गुरुगमन व हरियाणा रोडवेज की बसों पर देखने को मिला। गुरुगमन की एंबियंस मॉल व मानेसर जाने वाले रूट पर सबसे अधिक असर दिखाई दिया। ट्रिप के पूरे समय ही बस जाम में फंसी रही। वहीं हरियाणा रोडवेज की लंबे रूट की बसें भी इसी जाम से जूझती रही।