दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस के एक नामी कैफे में डिनर करने आए युवक लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट में फंसने के बाद पीड़ितों ने कैफे के स्टॉफ को अलार्म बजाकर सूचित किया, लेकिन वह लिफ्ट खोलने में कामयाब नहीं हो पाए। करीब पांच घंटे बाद फायर टेंडरों ने लिफ्ट को ऊपर से काटकर सभी आठों दोस्तों को लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकाला।
पीड़ित युवकों की शिकायत पर कनॉट प्लेस थाने में वेयर हाउस कैफे प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस की मानें तो लिफ्ट में फंसे ज्यादातर युवक इंजीनियर हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक शिकायतकर्ता प्रभाव गुप्ता (29) ने बताया कि वह परिवार के साथ मुनिरका इलाके में रहता है। वह पेशे से सेल्स इंजीनियर है। प्रभाव ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को वह अपने सात दोस्त विक्रम (26), अंकित (25), धु्रव (26), गौरव (27), मोहित (26), पवन (26) और सौरभ (25) कनॉट प्लेस स्थित वेयर हाउस कैफे, डी-ब्लॉक में डिनर के लिए आए थे।
देर रात करीब 12.50 बजे सभी दोस्त खाना खाकर कैफे से निकलने लगे। इसी दौरान वह पहली मंजिल से नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट पहली मंजिल और ग्राउंड फ्लोर के बीच में झटके के साथ रुक गई। इसी दौरान सभी युवकों ने लिफ्ट को खुद खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुली।
एक दोस्त ने इमरजेंसी अलार्म बजा दिया। फौरन टेक्नीकल स्टाफ मौके पर पहुंच गया। लेकिन वह भी लिफ्ट का दरवाजा नहीं खोल पाए। इधर परेशान होकर युवकों ने रात 2.15 बजे पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची। लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।