पंजाब नेशनल बैंक की मोदीनगर कपड़ा मिल शाखा में रविवार रात दीवार काटकर चोर करोड़ों की ज्वेलरी, कैश और अन्य दस्तावेज ले उड़े । बैंक के 30 लॉकर भी तोड़ डाले। मौके से लोहे की रॉड, पेचकस, हथौड़ा, छेनी, सरिया, आरी और एक जोड़ी चप्पल और सरसों के तेल की खाली शीशी बरामद हुईं है। मैनेजर को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके में रविवार रात काम कर रहे सभी के मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। एनएच-58 पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मोदी कपड़ा मिल शाखा शनिवार और रविवार को छुट्टी के चलते बंद थी।
सोमवार को कर्मचारियों ने बैंक खोला और काम करने लगे। कुछ देर बाद रुटीन चेकिंग के लिए कुछ पुलिसकर्मी बैैंक पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्ट्रांग रूम की जांच करने पहुंचे। स्टांग रूम खोला गया तो अंदर करीब 30 लॉकर टूटे हुए मिले।
चारों ओर फाइलें बिखरी पड़ी थीं। जांच में मोदी टायर फैक्ट्री की ओर की दीवार में बड़ा छेद बना हुआ था। एसपी ग्रामीण अरविंद मौर्य और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट्स के सैंपल लिए। घटना में बैंक में जिस तरह से नकब लगायी गई है, वो किसी पुराने गिरोह के हाथ होने के अंदेशे की ओर संकेत कर रही है। इसलिए पुलिस आसपास के सक्रिय गरोह पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।
जांच के लिए साइबर एक्सपर्ट के साथ अन्य प्रदेशों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस ने देर रात बैंक मैनेजर अशोक श्रीवास्तव को पूछताछ के लिए कस्टडी में ले लिया है।