बदलने वाला है मौसम: बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की गति चल सकती है हवा
दो दिन की तेज धूप के बाद सप्ताहांत पर मौसम करवट लेगा। 9 अक्तूबर शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल दिखेंगे। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
विस्तार
दो दिन से तेज धूप और गर्मी झेल रही दिल्ली को वीकेंड पर कुछ राहत मिल सकती है। 9 अक्तूबर यानी शुक्रवार को राजधानी में मौसम करवट लेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल भी दिखेंगे, जिसके बीच से फूटती धूप की भी संभावना है। हालांकि बादलों और धूप के लुकाछिपी के कारण हल्की उमस या फिर सामान्य तापमान बना रह सकता है। वहीं, सुबह से दोपहर के बीच कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यानी हाल के दिनों की तेज धूप और करीब 35-37 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान के मुकाबले वीकेंड की शुरुआत कुछ नरम मौसम के साथ हो सकती है।
घूमने-फिरने वालों के लिए मौसम का मिला-जुला मूड
वीकेंड पर दिल्ली के पार्क, स्मारक और खुले में घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए सुबह का मौसम सुहावना हो सकता है, लेकिन बारिश और गरज-चमक का दौर अचानक आउटिंग का मजा बिगाड़ सकता है। खासकर सुबह से दोपहर के बीच खुले इलाकों में निकलने वालों को आसमान पर नजर रखनी होगी। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की संभावना सुबह से दोपहर तक बनी रहेगी।
इसके बाद मौसम में कुछ सुधार हो सकता है। उत्तर दिल्ली से शाहदरा तक सभी इलाके प्रभावित हो सकते हैं। उत्तर, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा में आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना है।
धूप से सीधे बादल-बारिश का बदलाव
पिछले दिनों दिल्ली में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। आईएमडी के आंकड़ों में 5 अक्तूबर को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज हुआ था, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। अब 9 अक्तूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रहने का अनुमान है।
तापमान के इन्ही गिरते अंकों का फायदा वीकेंड को खास बना सकता है। हालांकि उमस की भी संभावना है, ऐसे में सेहत का खास ख्याल रखना जरूरी होता है क्योंकि इस दौरान शरीर का तापमान नियंत्रित रखने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। बेहतर है कि इस वीकेंड पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी पिएं।