घरातियों और बारातियों ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि शादी में ऐसा भी कुछ हो जाएगा। खाना खाने के बाद वहां जो कोहराम मचा उसे शायद ही कोई भुला सके। उत्तराखंड के बागेश्वर में कपकोट ब्लॉक के ग्राम बास्ती में विषाक्त भोजन खाने से कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत 250 से अधिक बाराती और घराती बीमार हो गए।
इनमें अधिकतर घराती हैं। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन ने गांव में डॉक्टरों की टीम भेजी। शनिवार को विषाक्त भोजन खाने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को बेड़ीनाग, कांडा और बागेश्वर के अस्पतालों में भर्ती किया गया। कई मरीजों का गांव में ही इलाज चल रहा है।
कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण को उनकी गंभीर हालत के मद्देनजर अल्मोड़ा बेस अस्पताल में लाया गया जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं फूड प्वाइजनिंग से बीमार एक बच्चे पीयूष सिंह पुत्र देव सिंह 6 साल ने शनिवार को बेड़ीनाग अस्पताल में मौत हो गई और एक बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से बीमार हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी पहुंचाए गए। अभी 4 लोग हायर सेंटर भेजे गए हैं। चंचल सिंह, गीता, बबीता, रेखा, हेलीकॉप्टर द्वारा हल्द्वानी पहुंचाए गए हैं। दूसरे बैच में 3 रोगी एयरलिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। बता दें कि गडेरा निवासी हरीश सिंह गढ़िया के बेटे नंदन सिंह गढ़िया की बारात बृहस्पतिवार को बास्ती गांव में मोहन सिंह महर के घर गई थी।
बाराती-घराती खाना खाकर घर चले गए थे। रात में लगभग दस बजे के करीब जिन-जिन लोगों ने बारात में खाना खाया था, उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे तो हड़कंप मच गया। रातभर ग्रामीण परेशान रहे। शुक्रवार सुबह सात बजे बागेश्वर जिला प्रशासन को सूचित किया गया। कपकोट विधायक बलवंत सिंह भौर्याल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने डॉक्टरों की टीम को बास्ती गांव भेजा।