चमोली: पीपलकोटी में आधी रात घर से निकली महिला, अगले दिन खाई में मिला शव, मौके पर पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस
पीपलकोटी में एक महिला आधी रात को अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन दोपहर में बस स्टैंड के नीचे खाई की ओर उसकी चप्पल दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तलाश के दौरान महिला का शव रांगल डीप के पास खाई में मिला।
विस्तार
पीपलकोटी में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में खाई में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। महिला की पहचान नीलम वर्मा (52) पत्नी विजेंद्र वर्मा, निवासी पीपलकोटी और मूल निवासी सुनारों वाली गली, जिला बदायूं के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, नीलम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अचानक आधी रात को घर से कहीं चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। दोपहर के समय उन्हें नीचे की तरफ चप्पल दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढे़ं...अंकिता भंडारी केस: मेडिकल टेस्ट में अनफिट निकले सुरेश राठौर, नहीं हुआ नार्को टेस्ट, उर्मिला ने बताई साजिश
सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश की तो पीपलकोटी बस स्टैंड से नीचे की ओर रांगल डीप के पास महिला खाई में गिरी मिली। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
