थाने में महिला कांस्टेबल की सुसाइड मिस्ट्री में वाट्सऐप मैसेज का किस्सा सामने आया है। जिसे मरने से पहले उसने अपनी एक सहेली को भेजा था।
लुधियाना थाना जोधा की महिला बैरक में आत्महत्या करने वाली महिला कांस्टेबल अमनप्रीत कौर ने आत्महत्या करने से पहले शाम 6:40 मिनट पर अपनी एक सहेली को वाट्सऐप मैसेज किया था। इसमें उसने लिखा था कि जस्सू उसे बहुत परेशान कर रहा है। वह उससे बहुत परेशान है और खुदकुशी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस जस्सु नाम के लड़के की पहचान कर चुकी है, सुधार बाजार में ही उसकी दुकान है। सोमवार को दो गाड़ियों में आए पुलिस मुलाजिमों ने जस्सू के घर पर रेड भी की, लेकिन वह फरार हो गया।
वहीं मामले के मुख्य आरोपी मुख्य मुंशी निर्भय सिंह के साथ अमनप्रीत का छह जून को थाना जोधा में झगड़ा भी हुआ था। इस झगड़े के बारे में निर्भय सिंह ने रिपोर्ट भी लिखवाई थी। थाना रायकोट सिटी की हवालात में बंद मुख्य मुंशी लगातार खुद को बेकसूर बता रहा है। निर्भय ने कहा कि वह अमनप्रीत कौर को अपनी छोटी बहन समझता था। उसने कभी अमनप्रीत की निजी जिंदगी में दखल नहीं दिया।
निर्भय सिंह ने बताया कि 6 जून को एक भुक्की तस्कर महिला को गिरफ्तार किया गया था। शाम को सिपाही अमनप्रीत और राजविंदर कौर ड्यूटी पर थीं। महिला आरोपी के पास महिला सिपाही का रहना लाजमी होता है, लेकिन राजविंदर के घर जाने के बाद अमनप्रीत ने ड्यूटी देने से मना कर दिया और थाने से चली गई।