UPSC Result: किसान का बेटा प्रदीप सिंह बना ऑल इंडिया टॉपर, पिता ने देखा था सपना
- पिछले साल 260वीं रैंक आने आने से बने थे आईआरएस, दिसंबर 2019 में ज्वाइन करते ही छुट्टी लेकर की तैयारी
- प्रदीप की पहली पसंद है हरियाणा कैडर, किसानों व महिलाओं की बेहतरी तो गरीबों के उत्थान के लिए काम करने की चाहत
- तेवड़ी गांव से वर्ष 2000 में सोनीपत आकर रहने लगा परिवार, पूर्व सरपंच पिता के प्रोत्साहन से आईएएस बनने के लिए बढ़े कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनीपत के रहने वाले और किसान के बेटे प्रदीप सिंह सफलता के झंडे गाड़ते हुए यूपीएससी के टॉपर बने हैं। प्रदीप सिंह ने चार साल इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की नौकरी करने के साथ ही किसी तरह समय निकालकर यूपीएससी की तैयारी की। उन्होंने दो बार प्री में असफल के बावजूद भी हिम्मत नहीं हारी।
प्रदीप को पिछले साल अपना सपना पूरा होता दिखा, जब उन्हें यूपीएससी में 260वीं रैंक मिली। लेकिन उनको तो सरपंच रह चुके पिता सुखबीर सिंह का सपना पूरा करना था, जो उन्हें आईएएस बनता हुए देखना चाहते थे। यहीं कारण रहा कि प्रदीप ने दिसंबर 2019 में आईआरएस की ट्रेनिंग के लिए ज्वाइन करके छुट्टी लेने के बाद यूपीएससी की तैयारी की।
उनकी मेहनत रंग लाई और अब वह यूपीएससी के टॉपर बन गए। प्रदीप की इस उपलब्धि पर उनके परिजन और रिश्तेदार सभी खुश हैं। तेवड़ी गांव के किसान व पूर्व सरपंच सुखबीर सिंह मलिक अपने बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए 20 साल पहले सोनीपत आकर रहने लगे। इस समय वह ओमैक्स सिटी में रहते हैं।
उनका सपना बेटे प्रदीप को आईएएस बनते देखना था और इसके लिए वह बेटे को प्रोत्साहित करते थे। पिता का सपना पूरा करने के लिए प्रदीप ने खूब मेहनत करते हुए पढ़ाई की।
सोनीपत के शंभूदयाल स्कूल से 10वीं व 12वीं करने वाले प्रदीप सिंह ने मुरथल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। 2015 में कोर्स पूरा होते ही इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर बन गए। इंस्पेक्टर बनने के बाद भी प्रदीप को पिता सुखबीर ने आईएएस बनने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रदीप के लिए नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी करना किसी चुनौती से कम नहीं था।
इसके बावजूद प्रदीप ने नौकरी करते हुए समय निकालकर यूपीएससी की तैयारी की और पहले दो प्रयासों में प्री भी पास नहीं करने के बावजूद वह लगे रहे। प्रदीप ने पिछले साल यूपीएससी में 260वीं रैंक हासिल की, लेकिन आईएएस बनने के लिए दोबारा से तैयारी करके परीक्षा दी। जिसका नतीजा रहा कि अब प्रदीप पूरे देश में यूपीएससी टॉपर बन गए।
हरियाणा कैडर में रहने की इच्छा, समाज हित के लिए काम करेंगे
यूपीएससी के टॉपर प्रदीप सिंह कहते हैं कि उनकी प्राथमिकता हरियाणा कैडर में आने की रहेगी। क्योंकि हर कोई चाहता है कि वह अपने प्रदेश के कैडर में रहे और वहां समाज हित व बेहतरी के लिए काम करे। प्रदीप सिंह कहते हैं कि उनको हरियाणा कैडर मिलता है तो यह कृषि प्रधान प्रदेश है और किसानों की बेहतरी के लिए योजनाओं पर काम किया जाएगा। महिलाओं की बेहतरी व गरीबों के उत्थान के लिए भी काम किया जाएगा और सरकारी योजनाओं को इन सभी के पास तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।
टिप्स : घंटे देखकर नहीं, सिलेबस तय करके करें पढ़ाई
यूपीएससी टॉपर प्रदीप सिंह कहते हैं कि किसी को रोजाना के घंटे देखकर पढ़ाई नहीं करनी चाहिए। बल्कि अपना सप्ताह का सिलेबस तय कर लेना चाहिए कि उसे इस सप्ताह यह सिलेबस पूरा करना है। वह चाहे किसी दिन कम घंटे पढ़ाई करे तो चाहे किसी दिन ज्यादा घंटे पढ़ाई करे। कई बार परिस्थितियों के अनुसार पढ़ाई करते हुए चुनौतियां भी आती हैं। लेकिन उन चुनौती से हार मानकर कोई बैठ जाता है तो वह कभी आगे नहीं बढ़ सकता। इसलिए चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना चाहिए और लगातार आगे बढ़ते हुए मंजिल तक पहुंचना चाहिए।